ईंट-भट्ठे के गड्ढे में डूबा मासूम बालक, मौत से परिवार में कोहराम

पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जानकारी जुटाई

दोस्तों के साथ खेलते समय बारिश के जलभराव तक पहुंचा था आरव, घंटों की मशक्कत के बाद निकाला गया शव, सोरम गांव में मातम

मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के सोरम गांव में शनिवार को बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय बालक आरव की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई और काफी देर तक राहत एवं खोजबीन का प्रयास चलता रहा।

इसे भी पढ़ें:  आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदार बनें युवाः योगी

जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास बने गहरे गड्ढे में पानी भर गया था। शनिवार को आरव अपने दोस्तों के साथ खेलते-खेलते भट्ठे के इसी जलभराव वाले स्थान पर पहुंच गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा। घटना को देख साथ में खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-पांच बार से सभासद भाजपा नेता बिजेन्द्र पाल का निधन

ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए मासूम की तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक चले खोज अभियान और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आरव को गड्ढे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम को बाहर निकालते ही मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जानकारी जुटाई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है और हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में ईंट-भट्ठों और अन्य स्थानों पर बने गहरे गड्ढे पानी से भर जाने के कारण जानलेवा साबित हो रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  कड़ाके की ठंडः मुजफ्फरनगर में 17 जनवरी तक स्कूल बंद
Share This Article