सुफियान अपने साथी सौरभ के साथ बाइक से पानीपत स्थित कंबल फैक्टरी में काम करने जा रहा था, सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई
शामली। जनपद शामली में कैराना क्षेत्र में शनिवार सुबह पानीपत रोड पर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल हो गए। दोनों हादसों के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामलों की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे गांव मामौर निवासी 22 वर्षीय सुफियान अपने साथी सौरभ के साथ बाइक से पानीपत स्थित कंबल फैक्टरी में काम करने जा रहा था। पानीपत रोड पर हैदरपुर उपरिगामी पुल के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में सुफियान और सौरभ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुफियान को मृत घोषित कर दिया। सौरभ का उपचार जारी है।
दूसरे हादसे में झिंझाना क्षेत्र के गांव रोटन निवासी नदीम और आमवाली निवासी सुमित पानीपत की फैक्टरी से काम करके अपने गांव लौट रहे थे। पानीपत रोड पर गांव पंजीठ के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक पिकअप वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मजदूर घायल हो गए। टक्कर के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों सड़क हादसों की जांच की जा रही है। फरार वाहन चालकों की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुरानी यमुना नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, डूबने की आशंका
सहारनपुर। जनपद सहारनपुर के बेहट क्षेत्र में शनिवार को पुरानी यमुना नदी से एक अज्ञात युवक का शव मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से निकलवाकर मोर्चरी में रखवा दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी है।
गांव सलेमपुर गदा-नानौली संपर्क मार्ग स्थित पुरानी यमुना नदी के किनारे एक ग्रामीण मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर नदी में पड़े शव पर पड़ी। उसने तत्काल गांव के अन्य लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को मोर्चरी भिजवा दिया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। बेहट थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार दीक्षित ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि शव नदी के ऊपरी हिस्से से बहकर यहां पहुंचा होगा। पुलिस मृतक की पहचान कराने और मामले की जांच में जुटी है।
