कांवड़ मार्ग की स्वच्छता भी शिवभक्ति का हिस्साः कपिल देव

शिव चौक पर रोटरी क्लब संयम के स्वच्छता अभियान में मंत्री ने खुद संभाली झाड़ू, लोगों से स्वच्छता में भागीदारी का आह्वान

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा के साथ स्वच्छता को भी प्राथमिकता देने का संदेश देते हुए प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने रविवार को शिव चौक पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। रोटरी क्लब (संयम) की ओर से आयोजित अभियान में मंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और कांवड़ मार्ग को साफ-सुथरा बनाए रखने की अपील की।

इस दौरान कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था, तपस्या और श्रद्धा का पर्व होने के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता की भी मिसाल है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कांवड़ मार्ग, पड़ाव और सेवा शिविरों की स्वच्छता को उन्होंने सच्ची शिवसेवा का ही एक रूप बताया। उन्होंने कहा कि जहां शिवभक्तों के चरण पड़ते हैं, उस मार्ग की स्वच्छता बनाए रखना भी पुण्य का कार्य है। स्वच्छता केवल प्रशासन या नगर निकाय की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक और सामाजिक संस्था की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने रोटरी क्लब (संयम) द्वारा चलाए गए अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।

इसे भी पढ़ें:  कांवड़ ड्यूटी पर जा रहे हेड कांस्टेबल की हादसे में मौत

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए गए स्वच्छ भारत अभियान ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। अब स्वच्छता सरकारी अभियान भर नहीं, बल्कि नागरिक जिम्मेदारी और सामाजिक संस्कार बन चुकी है। धार्मिक यात्राओं और बड़े आयोजनों में जनभागीदारी के माध्यम से इस संकल्प को और मजबूत किया जा सकता है। कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा और आतिथ्य के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। ऐसे में हमारा प्रयास होना चाहिए कि यहां से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िये को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिले। उन्होंने आमजन से अपील की कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और कांवड़ मार्ग तथा सेवा शिविरों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।

इसे भी पढ़ें:  तकनीकी रूप से और सशक्त हुई मुजफ्फरनगर पुलिस

उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा के लिए उठने वाला प्रत्येक हाथ पुण्य का भागीदार है और स्वच्छता के लिए उठाया गया हर कदम महादेव को समर्पित सेवा के समान है। सामूहिक प्रयासों से मुजफ्फरनगर की कांवड़ यात्रा को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक एकजुटता की मिसाल बनाया जा सकता है। स्वच्छता अभियान में सीएफओ अनराज सिंह, प्रोजेक्ट चेयरमैन राहुल सिंगल, नीरज सिंगल, ऋषभ जैन, पीयूष वशिष्ठ, राहुल अग्रवाल, नीरज गर्ग, शोभित जैन, संदीप बंसल, एसके राठी, आरोप कुच्छल, अश्विनी मंगल, रजत राठी, अचिन सिंगल, वंदना सिंगल, शालिनी अग्रवाल सहित रोटरी क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें:  सर्दी का सितमः कोहरे की चादर में लिपटा शहर, 12 बजे तक जले अलाव
Share This Article