परिवार को दिया भरोसा, कहा-ये सीएम योगी की सरकार है, सभी आरोपियों को मिलेगी कड़ी से कड़ी सजा
मुजफ्फरनगर। शहर के रामलीला टीला क्षेत्र में दलित परिवार की नाबालिग बेटी के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद बुधवार को नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप पीड़ित परिवार के आवास पर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने घटना पर आक्रोश जताते हुए इसको निंदनीय बताया और कहा कि अपराधिक मानसिकता के लोग ये भेल गये हैं कि यूपी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार है, घटना के सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जायेगी।
नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने घटना को बेहद गंभीर और निंदनीय बताते हुए कहा कि नाबालिग के साथ इस तरह का अपराध किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि इस मुश्किल समय में शासन-प्रशासन और समाज उनके साथ खड़ा है। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभी तक मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों और संस्थानों पर भी कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा और सभी आरोपियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूर होगी। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी भरोसा दिलाते हुए कहा कि वो हमेशा ही परिवार के साथ खड़ी हैं।
