नगर पंचायत पुरकाजी के वार्ड-5 में विकास कार्यों का निरीक्षण, सुरक्षा के लिए नाले पर लगाया जा रहा लोहे का जाल
मुजफ्फरनगर। नगर पंचायत पुरकाजी क्षेत्र के वार्ड संख्या-5 में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण चेयरमैन जहीर फारूकी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। चेयरमैन जहीर फारूकी एडवोकेट द्वारा यहां पर एक हादसे में एक परिवार के मासूम बच्चे की नाले में गिरने से हुई मौत के बाद संवेदनशीलता दिखाते हुए इस नाले को लोहे के जाल के कवच से सुरक्षित करने का काम किया है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

वार्ड-5 में राजेश के मकान से ईदगाह गेट तक आरसीसी नाले का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही नाले को सुरक्षित बनाने के लिए उस पर लोहे के जाल लगाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। नगर पंचायत के अनुसार यह कदम क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। बताया गया कि पिछले वर्ष ईदगाह के सामने स्थित पुराने नाले में एक मजदूर का ढाई से तीन वर्षीय बच्चा गिर गया था, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी। परिजनों को देर शाम बच्चे के नाले में गिरने की जानकारी मिली थी। घटना के बाद पीड़ित परिवार को नाले का पुनर्निर्माण कर उस पर सुरक्षा जाल लगाने का आश्वासन दिया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
इसके अलावा वार्ड में तहसीन चौधरी के मकान से तकिये वाली मस्जिद तक आरसीसी नाली एवं आरसीसी सड़क निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की अन्य गलियों में भी विकास कार्य कराए जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों के साथ चर्चा की गई। चेयरमैन जहीर फारूकी ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी हैं और जनता की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है जिनसे आम नागरिकों को राहत और बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्य लगातार कराए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हो सके।






