सहारनपुर । अग्निवीर भर्ती मे अमरोहा जिले के युवाओं ने सेना में भर्ती होकर देशसेवा के सपने के साथ मैदान में दमखम दिखाया। अमरोहा, हसनपुर और नौगावां सादात तहसील के 1,045 चयनित अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए बुलाया गया था। इनमें 960 अभ्यर्थी भर्ती स्थल पर पहुंचे। निर्धारित शारीरिक मानकों के अनुसार हुई दौड़ में 810 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की।
सुबह से ही अमरोहा की अलग-अलग तहसीलों से अभ्यर्थियों का भर्ती स्थल पर पहुंचना शुरू हो गया था। सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में खासा उत्साह नजर आया। अभ्यर्थी जरूरी दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचे। पहले दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। इसके बाद अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए मैदान में भेजा गया। सेना के अधिकारियों और भर्ती स्टाफ की निगरानी में पूरी प्रक्रिया कराई गई।
दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों ने निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगा दी। अलग-अलग समूहों में दौड़ कराई गई। दौड़ पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई।

कुल 960 अभ्यर्थियों में से 810 ने दौड़ में सफलता हासिल की, जबकि 150 अभ्यर्थी निर्धारित शारीरिक मानक पूरा नहीं कर सके।
दौड़ में सफल अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण के लिए भेजा जा रहा है। इसमें बायोमेट्रिक, शारीरिक जांच और दस्तावेज सत्यापन समेत अन्य निर्धारित प्रक्रियाएं शामिल हैं। सफल युवाओं की नजर अब भर्ती के अगले चरणों पर है। मेरठ भर्ती कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 13 जिलों के 25,920 चयनित अभ्यर्थी अग्निवीर भर्ती रैली में शामिल होंगे। इनमें अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली शामिल हैं।
