सहारनपुर। रामपुर मनिहारान में दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे रेत से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे की दुकानों और ढाबों में जा घुसा। हादसा कोतवाली से करीब 100 मीटर आगे हुआ। उस समय दुकानें बंद थीं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
ट्रक सहारनपुर से शामली की ओर जा रहा था। चालक के मुताबिक, अचानक एक सांड सामने आ गया। उसे बचाने के लिए उसने ट्रक मोड़ा, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर से दुकानों का फर्नीचर और अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
दुकानदार बंटी, ओसामा, गुलबहार और नाजिम ने बताया कि वे रात करीब साढ़े 11 बजे दुकानें और ढाबे बंद करके घर चले गए थे। कुछ देर बाद फोन पर हादसे की खबर मिली। दुकानदारों का कहना है कि नुकसान लाखों रुपये का है। ट्रक मालिक की ओर से भरपाई का आश्वासन मिलने पर उन्होंने फिलहाल कानूनी कार्रवाई नहीं कराने की बात कही है।
थानाध्यक्ष सुनील नागर ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके मुताबिक, अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
