किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में लापता दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) के शव तलाश अभियान के दौरान मिले हैं। अधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों के शवों पर गोली लगने के निशान हैं। लापता होने के समय उनके पास हथियार थे, जो बरामद नहीं हुए हैं।
दोनों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में बताई गई है। वे दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में तैनात थे। बुधवार, 11 नवंबर को वे अपने शिविर से धारणा-मड़वा स्थित सेना की चौकी के लिए निकले थे। इसी दौरान उनसे संपर्क टूट गया।
शुरुआत में उनके मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में दोनों फोन बंद हो गए। तलाश के लिए जंगल और दुर्गम पहाड़ी इलाकों में ड्रोन और खोजी कुत्तों के साथ टीमें भेजी गईं। इसी अभियान के दौरान दोनों के शव मिले।
