भसाना के पास रोडवेज बस ने बाइक सवारों को कुचला, एक मासूम सहित 5 की मौत

ओवरटेक करने के दौरान हुआ भीषण हादसा, एक बच्ची समेत 05 की मौके पर मौत, हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में भसाना के पास बुधवार को तेज रफ्तार रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार 05 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक बच्ची भी शामिल बताया जा रहा है। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इसके साथ ही मौके पर अफरा तफरी का आलम बन गया। लोगों ने ही घायलों को उठाया और पुलिस को सूचना दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान भसाना के पास सड़क पर एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में तेज गति से आ रही रोडवेज बस अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार बस की चपेट में आ गए। हादसे में एक बच्ची सहित 05 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही बुढ़ाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायलों को अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की गति काफी तेज थी। इंस्पेक्टर बुढ़ाना सुभाष अत्री भी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। बताया कि ओवरटेक करने के दौरान बस की गति और नियंत्रण को लेकर हादसा होने की बात सामने आ रही है। मामले में परिजनों को भी पुलिस द्वारा सूचित कर दिया गया था। जांच की जा रही है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश में पुलिस टीम को लगाया गया है।

इसे भी पढ़ें:  आईआईटीयन ललिता ने गंगा बैराज से लगाई छलांग, तलाश में जुटे गोताखोर

इस भीषण सड़क हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों की पहचान हो चुकी है। मृतकों में इदरीश और साजिद शामिल हैं, जो आपस में चचेरे भाई बताए गए हैं। इनके अलावा हादसे का शिकार हुए फरमान और मोमिन आपस में जीजा-साले का रिश्ता रखते थे। इस हादसे में एक पांच साल की मासूम बच्ची की भी मौत हो गई है, जिसका नाम अल्लो बताया गया है। इस तरह एक ही झटके में पांच लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक पक्ष के लोग कांधला जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसा हो गया।

इसे भी पढ़ें:  UPDET--मुजफ्फरनगर में छात्रवृत्ति के 46 लाख पी गए दस शिक्षण संस्थान

मृतकों में ये सभी शामिल
फरमान (25) पुत्र उमरदीन, निवासी तमेला गढ़ी, बागपत
अल्लो (3) पुत्री फरमान, निवासी तमेला गढ़ी, बागपत
साजिद (24) पुत्र समयद्दीन, कांधला, शामली
इदरीश (70) पुत्र गय्यूरा, कांधला, शामली
मोमीन (25) पुत्र मंजूर अहमद, राजपुर गढ़ी, बुढ़ाना

सीएम योगी ने हादसे का लिया संज्ञान, संवेदना जताई, अफसरों को निर्देश

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी ने जनपद मुजफ्फरनगर में बुधवार को बुढ़ाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना व्यक्त की और जनपद के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश जारी किये हैं। मुख्यमंत्री ने इन निर्देशों में कहा है कि अधिकारियों द्वारा मृतकों के परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का काम किया जाये। मुख्यमंत्री ने की घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में बाबू हरबंस लाल गोयल को पुष्पांजलि अर्पित
Share This Article