सहारनपुर। Saharanpur Road Accident में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी परमिंदर सिंह और उनके चालक रवि शंकर की मौत हो गई। हादसा शनिवार को सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर झबीरन कट के पास हुआ। दुर्घटना में डीआईजी के गनर जयराम और दूसरी कार में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों के उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची स्कॉर्पियो
आईटीबीपी के डीआईजी परमिंदर सिंह मसूरी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सरकारी स्कॉर्पियो से अंबाला जा रहे थे। वाहन चालक रवि शंकर चला रहे थे, जबकि गनर जयराम भी उनके साथ मौजूद थे।
झबीरन कट के पास स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन उछलकर हाईवे की दूसरी लेन में पहुंच गया और सामने से आ रही स्विफ्ट कार से भिड़ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनमें सवार लोग अंदर फंस गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायलों को बाहर निकाला
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस से पिलखनी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने डीआईजी परमिंदर सिंह और चालक रवि शंकर को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल गनर जयराम का उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्विफ्ट कार में सवार तीन लोग भी घायल
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार में गुरुनानक सिंह, देवेंद्र कौर और गुरनाम सिंह सवार थे। तीनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए गए हैं। दुर्घटना में तीनों घायल हुए हैं, जिनमें देवेंद्र कौर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
श्रीनगर में तैनात थे डीआईजी परमिंदर सिंह
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के अनुसार डीआईजी परमिंदर सिंह पंजाब के रूपनगर यानी रोपड़ के रहने वाले थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह मसूरी में प्रशिक्षण पूरा करने के बाद अंबाला जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वाहन के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
