योगीराज में यूपी बॉर्डर पर जहीर फारूकी की सेवा से शिवभक्त गदगद

पुरकाजी कांवड़ सेवा शिविर का एसडीएम सदर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की सराहना, भाईचारे और सौहार्द का दिया संदेश

मुजफ्फरनगर। सावन मास की कावंड़ यात्रा अब अपने चरम पर पहुंचने लगी है, शिव भक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए शहर से गांव देहात तक लोग जुटे हुए हैं। सुरक्षा के लिए थल, जल और आकश से निगरानी हो रही है, इस कांवड़ यात्रा में जितनी कहानियां शिव भक्तों की आस्था और भक्ति के उत्साह की हो रही हैं, उतनी ही चर्चाओं में नगर पंचायत पुरकाजी के चेयरमैन जहीर फारूकी भी हैं, योगीराज में शिव भक्तों के स्वागत में सरकार जुटी है तो सीएम योगी की यूपी में चेयरमैन जहीर फारूकी यूपी बॉर्डर पर इन शिवभक्तों के स्वागत के लिए किये गये प्रबंध और व्यवस्था के लिए गंगा जमुना की तहजीब के लिए भाईचारे की एक मिसाल बनकर समाज को हिंदू मुस्लिम एकता का संदेश दे रहे हैं। आज यहां पहुंचे एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव ने भी चेयरमैन पुरकाजी जहीर फारूकी के शिव भक्तों के स्वागत में की गई व्यवस्था की सराहना की।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-फाइनेंस कंपनी के गुर्गों ने किसान से छीना ट्रैक्टर

सावन मास की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है और उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर शिवभक्तों का सैलाब लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में स्थापित कांवड़ सेवा शिविर श्रद्धालुओं के लिए राहत और सेवा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी की अगुवाई में संचालित इस शिविर में शिवभक्तों के लिए की गई व्यवस्थाएं न केवल यात्रियों को सुविधा प्रदान कर रही हैं, बल्कि सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की भी मिसाल पेश कर रही हैं। सोमवार को एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेवा कार्यों की सराहना की।

उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर स्थित पुरकाजी कांवड़ यात्रा का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाला सुखलाल सनातन धर्म इंटर कॉलेज परिसर में विशाल सेवा शिविर संचालित किया जा रहा है। यहां विश्राम, पेयजल, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-दवा करोबारी के घर से मिला नशीली दवाइयों का बड़ा जखीरा

निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव ने शिविर के विश्राम हॉल में पहुंचकर कांवड़ियों से सीधे बातचीत की और व्यवस्थाओं के संबंध में उनकी राय जानी। श्रद्धालुओं ने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए सेवा कार्यों की सराहना की। इसके बाद एसडीएम ने शिविर संचालकों से भी बातचीत कर संचालन में आ रही समस्याओं की जानकारी ली। संचालकों ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जा रही हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी

एसडीएम सदर ने शिविर की साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कांवड़ यात्रा के दौरान जहां एक ओर प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम कर रही है, वहीं पुरकाजी नगर पंचायत चेयरमैन जहीर फारूकी द्वारा शिवभक्तों की सेवा के लिए किए जा रहे प्रयास भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। शिविर में सभी धर्मों के लोगों की सहभागिता सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दे रही है। निरीक्षण के दौरान शिविर आयोजकों में संजय शर्मा, दीपक माहेश्वरी, निखिल गोयल, मनीष गोयल, धीरज गर्ग, अंकुर सिंघल, विकास गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Article