ओवरस्पीड वाहनों पर पुलिस का शिकंजा, 14 वाहनों के चालान

कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा के लिए यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, आठ रोडवेज बसों पर भी की गई कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने ओवरस्पीडिंग के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विशेष अभियान चलाकर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ा रहे 14 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें आठ रोडवेज बसें भी शामिल हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और कांवड़ यात्रियों सहित आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

इसे भी पढ़ें:  मीनाक्षी स्वरूप ने कराई खांजापुर के प्राचीन शिव मंदिर में नंदी महाराज की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में मंगलवार को यातायात पुलिस ने थाना नई मंडी क्षेत्र में ओवरस्पीडिंग के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का संचालन पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात नगर राधा रमण तथा यातायात प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में किया गया।

चेकिंग के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते पाए गए 14 वाहनों के चालान किए गए। इनमें आठ रोडवेज बसें भी शामिल रहीं, जिनके चालक तेज गति से वाहन संचालित कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में ओवरस्पीडिंग किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

इसे भी पढ़ें:  अवैध कालोनियों पर दूसरे दिन भी गरजा निर्माण पर बुलडोजर

यातायात पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा संपन्न होने तक ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और जनपदवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय धैर्य एवं सतर्कता बरतें, दोपहिया वाहन पर हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाएं तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए सड़क सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। पुलिस का कहना है कि वाहन चालकों की थोड़ी-सी सावधानी किसी भी बड़ी दुर्घटना को टाल सकती है। सभी नागरिकों से कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं सफल बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई है।

इसे भी पढ़ें:  सांसद खेल महोत्सव में जी.डी. गोयनका स्कूल के विद्यार्थियों ने सांगीतिक प्रस्तुति से मोहा मन
Share This Article