एक युवक की हालत गंभीर, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
मुजफ्फरनगर। आस्था की डुबकी उस समय मातम में बदल गई जब मुजफ्फरनगर के शुक्रताल गंगा घाट पर रविवार को स्नान के दौरान तीन श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। अलग-अलग घटनाओं में दो युवक और एक मासूम बालिका गहरे पानी में समा गए। हादसे के बाद तीर्थ नगरी में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
भोपा थाना क्षेत्र स्थित पवित्र तीर्थस्थल शुकतीर्थ में रविवार को गंगा स्नान के दौरान हुए दर्दनाक हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब भिक्षुक दास महाराज के 66वें परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आयोजित विशाल सत्संग एवं शोभायात्रा में शामिल होने आए श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद बिजनौर के थाना हीमपुर दीपा क्षेत्र के गांव फतेहपुर कला निवासी मनीष पुत्र नरेश अपने साथी राजन पुत्र बाबूराम (22 वर्ष) के साथ गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान मनीष अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथी को बचाने के प्रयास में राजन ने भी तुरंत गंगा में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी तेज बहाव और गहराई की चपेट में आ गया। घाट पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल दोनों युवकों को बाहर निकाला और उपचार के लिए भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने राजन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
इसी दौरान एक अन्य घटना में जनपद बागपत के थाना बिनौली क्षेत्र के गांव बिजवाड़ा निवासी हिमांशु (18 वर्ष), पुत्र सचिन, गंगा स्नान करते समय गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय गोताखोरों ने उसे बाहर निकालकर भोपा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य हृदयविदारक घटना में नगीना निवासी लगभग 10 वर्षीय मासूम बालिका रागिनी भी गंगा में डूब गई। उसे भी तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एक ही दिन में तीन लोगों की मौत की खबर से पूरे शुकतीर्थ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और श्रद्धालुओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक देहात अक्षय संजय महाडिक भी अस्पताल पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गंगा घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में शोक का माहौल व्याप्त है और श्रद्धालुओं में भी भय का वातावरण बना हुआ है।






