दिनदहाड़े टाउनहाल से पालिका की सम्पत्ति चोरी, देखें वीडियो….

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका अपनी आंख के नीचे ही अपनी सम्पत्तियों की सुरक्षा करने में नाकाम साबित हो रही है। टाउनहाल मैदान में ही पालिका की आंख से सुरमा चुरा लिया गया और पलक भी नहीं झपक पाई। इस चोरी का वीडियो जब सामने आया तो पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगने के साथ ही वीडियो के आधार पर आरोपियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये हैं।

नगरपालिका परिषद् के मुख्यालय टाउनहाल के मैदान से दिनदहाड़े ऑफिस डे में ही तीन लोगों ने लाखों का माल साफ कर दिया। इन चोरों में पालिका का वाहन प्रयोग किया गया और पालिका का कर्मचारी ही टाउनहाल से बेखौफ होकर यह माल ले जाता नजर आ रहा है। इसके बावजूद भी पालिका प्रशासन हरकत में नहीं आया। दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना के बाद जब वीडियो सामने आया तो हड़कम्प मच गया। पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने तत्काल ही इसका संज्ञान लेकर कड़ी नाराजगी जताई और ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह को कार्यवाही के निर्देश दिये हैं।

इसे भी पढ़ें:  देशभक्त किसान नेता धर्मेंद्र मलिक का हिंदू संगठनों ने किया अभिनंदन

नगरपालिका में दिन के उजाले में सभी के सामने हुई इस चोरी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें पालिका के ही छोटे ट्रैक्टर ट्राली में कुछ होर्डिंग रखकर एक चालक मैदान से बाहर ले जाता नजर आ रहा है। उसके साथ दो अन्य युवक भी शामिल दिखाई दे रहे हैं। इसको लेकर चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने बताया कि उनको एक वीडियो प्राप्त हुई, इसमें पालिका स्वामित्व वाले एक छोटे ट्रैक्टर ट्राली मंे तीन व्यक्ति पालिका परिसर स्थित वाहन पार्किग रामलीला ग्राउन्ड से कर विभाग द्वारा पिछले दिनों चलाये गये अभियान में जब्त अवैध होर्डिग्स के 06 फ्रेम के साथ-साथ कुछ अन्य लोहे के सामान को बिना किसी सूचना या अनुमति प्राप्त किये मैदान से बाहर लेकर जाते दिखाई दे रहे है। उन्होंने बताया कि इसकी जांच कराई गई तो पता चला कि वीडियो फुटेज में दिख रहा ड्राईवर पालिका का सविंदा कर्मचारी संजीव कुमार और उसके परिचित दो युवक हैं।

चेयरपर्सन ने कहा कि ये जब्त होर्डिंग्स पालिका की सम्पत्ति के रूप में बंधक किये गये थे, क्योंकि इनको लेकर कर विभाग द्वारा सम्बंधित विज्ञापन एजेंसी पर जुर्माना लगाया गया था। नियमानुसार यदि एजेंसी जुर्माने की धनराशि पालिका कोष में जमा कराती है तो उसको बंधक सम्पत्ति सौंपनी होती है, ऐसे में ये साफ है कि बिना पूर्व सूचना के ये कर्मचारी लाखों रुपये कीमत की पालिका में बंधक उक्त सम्पत्ति को चुराकर ले गये हैं। इसमें पालिका में तैनात सुरक्षा गार्ड और सिक्योरिटी एजेन्सी की भी लापरवाही उजागर होती है। उन्होंने इसको अपराधिक प्रवृत्ति का कृत्य बताते हुए कहा कि इससे आम जनता की दृष्टि मे पालिका की छवि धूमिल हो रही है। चेयरपर्सन ने बताया कि उनके द्वारा प्रकरण में ईओ को पत्र जारी करते हुए आरोपी सविंदाकर्मी संजीव सहित 02 अन्य व्यक्ति के खिलाफ सुसंगत धाराओं मंे तत्काल मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही मामले में जांच कराकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। साथ ही रिकार्ड कीपर तनवीर आलम को सुरक्षा कर्मी उपलब्ध कराने वाली एजेन्सी के विरूद्व कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-रुपये के लेनदेन के विवाद में युवक की हत्या से आक्रोश

प्रकरण में ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि ये मामला दो दिन पूर्व का है, वो कार्यालय में विभागीय कार्य निपटा रही थी, उसी दौरान दोपहर के समय गार्ड ने उनको सूचित किया था कि दो तीन लोग टाउनहाल मैदान में पड़ी जब्त सामग्री से लोहे के बड़े फ्रेम उठाकर ट्रैक्टर ट्रॉली में भरकर ले जा रहे हैं। उन्होंने आईटी प्रियेश कुमार को मौके पर भेजकर जानकारी कराई तो पता चला कि वो पालिका के ही कर्मचारी है, इसके लिए कार्यवाहक कर अधीक्षक पारूल यादव को भी तत्काल जानकारी जुटाने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने कोई कार्यवाही नहीं की है। प्रकरण में कर विभाग से रिपोर्ट भी मांगी गई है। चेयरपर्सन द्वारा दिये गये पत्र की उनको अभी जानकारी नहीं है। प्रकरण गंभीर है, यदि ये बिना अनुमति के हुआ है तो इसमें जांच कर एफआईआर कराई जायेगी। 

इसे भी पढ़ें:  21 जुलाई को एम.जी. पब्लिक स्कूल में लगेगा मेडिकल कैम्पः सतीश गोयल
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *