गुंडागर्दी का वीडियो वायरलः ‘अज्जू गैंग’ ने बीच सड़क पर युवक को घेरकर पीटा

मुजफ्फरनगर। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देती एक और घटना सामने आई है। थाना नई मंडी क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी एक युवक ‘अज्जू’ का एक और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो लगभग चार दिन पुराना है, जिसमें अज्जू और उसके साथियों ने सहारनपुर अड्डे के पास एक युवक को बीच सड़क पर बेरहमी से पीटा।

घटना खालसा ई-रिक्शा स्टैंड के पास की बताई जा रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अज्जू अपने कथित गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर युवक को चारों ओर से घेरकर पीट रहा है। राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल है, लेकिन कोई भी पीड़ित की मदद के लिए सामने नहीं आता। स्थानीय लोगों का कहना है कि अज्जू पहले भी इस तरह की घटनाओं में लिप्त रहा है, और उसके कई वीडियो पहले भी वायरल हो चुके हैं। आरोप है कि अज्जू खुद को अज्जू गैंग का सरगना बताता है और अपने साथ युवाओं का एक समूह रखता है जो अक्सर मारपीट, धमकी और दबंगई जैसी गतिविधियों में शामिल रहते हैं।

इसे भी पढ़ें:  कलश यात्रा के साथ श्री बाला जी जन्मोत्सव का शुभारंभ

हालांकि पुलिस द्वारा अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद स्थानीय जनता में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह ‘गैंग कल्चर’ और भी विकराल रूप ले सकता है। स्थानीय व्यापारी और रहवासी इस प्रकार की घटनाओं से भयभीत हैं। एक दुकानदार ने कहा कि हर रोज़ की तरह जब हम दुकान खोल रहे थे, तभी हंगामा शुरू हो गया। सभी दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। यह कोई पहला मामला नहीं है, पुलिस को ऐसे गुंडों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें:  कांशीराम कालोनी में मंत्री कपिल देव ने सुगागिनों को बांटी साडी
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *