भाभी की बहन से हुआ था इश्क, भाई की ससुराल में युवक का कत्ल

मुजफ्फरनगर/बागपत। इश्क की जिद ने एक युवक की अपने भाई की ससुराल में ही जान ले ली। युवती के घर ही युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। युवती के घर के बरामदे से पुलिस ने देर रात युवक का शव बरामद कर लिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। मारा गया युवक जनपद मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया गया था और उसको अपनी भाभी की चचेरी बहन से प्यार हो गया था, इसके बाद युवक लगातार उसके साथ शादी कराये जाने की जिद कर रहा था। युवती से मिलने वो उसके घर गया था, जहां विवाद हो जाने के कारण युवती के पिता ने उसकी हत्या कर दी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर के टियावा गांव के 25 वर्षीय युवक अनिल कुमार की हत्या जनपद बागपत के बिनौली थाना क्षेत्र के मुकीमपुरा गांव में कर दी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक युवक के भाई किरणपाल की शादी गांव मुकीमपुरा निवासी सविता से हुई थी। सविता की चचेरी बहन शामली में एक कॉलेज में पढ़ाई करती थी। इसी बीच वह अक्सर अपनी चचेरी बहन सविता के घर आती-जाती रहती थी। कई बार वो सविता के घर पर ही कई दिनों तक रूकी भी थी। इसी बीच अनिल उसकी ओर आकर्षित हो गया। दोनों में प्रेम संबंध बन गये और इसकी जानकारी दोनों परिवारों को हुई तो युवती पर पाबंदी लगा दी गई। रिश्तेदारी होने के कारण इस बात का दबा लिया गया था। इसी बीच अनिल लगातार अपनी प्रेमिका के साथ ही शादी करने की जिद परिजनों से करने लगा था। वो उससे मिलने के लिए शामली उसके कॉलेज भी जाने लगा। युवती के परिजनों ने भी कई बार अनिल को मना किया था।

इसे भी पढ़ें:  बीजापुर में आईईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ का एक जवान घायल

बताया गया कि मंगलवार रात अनिल अपने भाई की ससुराल मुकीमपुरा गया था और फिर अपनी भाभी सविता के चाचा अरविंद के घर पहुंच गया। वहां उसने भाभी की चचेरी बहन से शादी करने की जिद की, तो विवाद खड़ा हो गया और युवक का कत्ल कर दिया गया। देर रात ही एसपी सूरज कुमार राय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसी बीच पुलिस ने अनिल की हत्या के आरोप में उसकी भाभी के चाचा और युवती के पिता अरविंद को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में अरविंद ने बताया कि अनिल उसकी बेटी को परेशान करता था। इसलिए उसने बेटी को वापस गांव बुला लिया था। मंगलवार रात जब अनिल ने उनके ही घर आकर शादी की जिद की, तो उसे काफी समझाया गया। लेकिन वह नहीं माना और विवाद हो गया। इस दौरान सिर में डंडा लगने से अनिल की मौत हो गई। अनिल का शव अरविंद के घर के बरामदे में मिला। एसपी सूरज कुमार ने रात में घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की सूचना अनिल के परिजनों को भी पुलिस ने दे दी थी, लेकिन कई घंटे बाद भी मृतक के परिजन न तो मुकीमपुरा और न ही थाने पहुंचे। एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि जांच में सिर में डंडा लगने से अनिल की मौत होना लग रहा है, जो अपनी भाभी की चचेरी बहन से शादी की जिद कर रहा था। इसी विवाद में उसकी हत्या हुई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। बुधवार दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था। 

इसे भी पढ़ें:  MEERAPUR-मिथलेश पाल का पर्चा भरवाने उमड़े भाजपा-रालोद के नेता
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *