हादसों का ब्लैक संडेः कार दीवार से टकराने पर नोएडा के युवक की मौत, बाइक सवार गंभीर

सिविल लाइन में महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बची जान, मचा रहा हड़कंप

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में रविवार को हुए हादसों ने प्रशासनिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। जहाँ एक ओर गंगनहर पटरी पर तेज रफ्तार कार दीवार से जा टकराई, जिससे एक परिवार का चिराग बुझ गया, वहीं शहर के मुख्य महावीर चौक पर एक बाइक सवार डिवाइडर से टकराकर मौत से जंग लड़ रहा है। इसी बीच सिविल लाइन फ्लाईओवर के नीचे एक महिला द्वारा जान देने की कोशिश ने राहगीरों के बीच अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
थाना भोपा क्षेत्र के अंतर्गत जौली गांव के पास गंग नहर पटरी पर एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। जानकारी के अनुसार, नोएडा निवासी एक युवक अपनी कार से ससुराल से वापस लौट रहा था। जैसे ही उसकी कार जौली गांव के पास पहुँची, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और घायलों को मलबे से निकालकर भोपा के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) पहुँचाया। चिकित्सकों ने नोएडा निवासी युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि कार में सवार अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया है।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक महावीर चौक के पास एक बाइक सवार भीषण दुर्घटना का शिकार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक संतुलन खो बैठा और बाइक सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत उसे निजी वाहन से अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के नीचे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या करने का प्रयास किया। महिला को आत्मघाती कदम उठाते देख वहां मौजूद स्थानीय लोग तुरंत हरकत में आ गए और कड़ी मशक्कत के बाद महिला को बचा लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। फिलहाल महिला को प्राथमिक उपचार और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है। तीनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया। पुलिस का कहना है कि सड़क हादसों में घायलों का उपचार कराया जा रहा है और मृतकों के परिजनों को सूचित किया गया है। आत्महत्या के प्रयास के मामले में महिला से पूछताछ की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  होटल में उद्योगपतियों से मिलकर पिछले दरवाजे से निकले अफसरः धर्मेन्द्र मलिक
Share This Article