एमपीएल टी-20 सीजन-2 में इस बार टाइटल प्राइज मनी दो लाख

आयोजन समिति ने 5 नई टीमों को लीग में शामिल किया, 12 टीमों के बीच खेले जाएंगे कुल 33 मुकाबले, खिलाड़ियों का ट्रायल 11 जनवरी को होगा

मुज़फ्फरनगर। जनपद मुज़फ्फरनगर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बार फिर बड़ी खुशखबरी है। मुज़फ्फरनगर प्रीमियर लीग (एमपीएल) टी-20 के दूसरे सीजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। एमपीएल-2 से एक बार फिर मुज़फ्फरनगर और आसपास के क्षेत्र के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर पहचान बनाने का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित लीग का खाका मुज़फ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने लगभग तैयार कर लिया है।
सोमवार को एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक में एमपीएल-2 को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि एमपीएल-2 का शुभारंभ 23 फरवरी से होगा, जिसमें कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। लीग में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे। खिलाड़ियों के ट्रायल 11 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे, जबकि टीम ड्राफ्टिंग 25 जनवरी को होगी। प्रत्येक टीम को अपनी पसंद से दो खिलाड़ियों को चुनने की छूट दी जाएगी। एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि इस बार खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की गई है। गूगल फॉर्म के माध्यम से अब तक 110 खिलाड़ी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 25 दिसंबर निर्धारित की गई है। प्रत्येक टीम में कुल 14 खिलाड़ी होंगे।

इसे भी पढ़ें:  चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने किया 28 गारबेज टिपर वाहन का उद्घाटन

पिछले वर्ष के सफल आयोजन से उत्साहित होकर इस बार आयोजन समिति ने 5 नई टीमों को लीग में शामिल किया है। इनमें क्रिकगिरी, देवभूमि ग्रुप, सिल्वर्टन पल्प एंड पेपर, जीबीटी प्राइवेट लिमिटेड और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शामिल हैं। इसके अलावा वसुंधरा इंफ्राबिल्ट, सिल्वरटन, टिहरी स्टील्स, अम्बा, क्रिस्टल बालाजी, आरपीएल इंडस्ट्री और बिंदल ग्रुप की टीमें भी मैदान में उतरेंगी। चेयरमैन भीम कंसल ने बताया कि जनवरी माह में ट्रायल, प्लेयर्स ड्राफ्टिंग और ऑक्शन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सभी मुकाबले स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेले जाएंगे। 12 मार्की खिलाड़ियों की सूची भी शीघ्र जारी की जाएगी। टीम स्टाफ के चयन को लेकर भी मंथन जारी है, जिसके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
लीग में स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक टीम में 11 खिलाड़ी मुज़फ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जिलों से होंगे। विकास राठी और ओमदेव सिंह सहित अन्य सदस्यों के सुझाव पर यह फैसला लिया गया, ताकि आसपास के क्षेत्र के खिलाड़ियों को भी अपने हुनर को दिखाने का मंच मिल सके। इस बार लीग की इनामी राशि भी बढ़ाई जा रही है। विजेता और उपविजेता टीम को मिलाकर कुल 2 लाख रुपये की कैश प्राइज दी जाएगी। साथ ही एमपीएल-2 में खेलने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को भी एक निश्चित धनराशि देने का निर्णय लिया गया है। पिछले सीजन में खेलने वाली सभी टीमों को दो खिलाड़ियों को रिटेन करने का अधिकार भी मिलेगा।
सचिव मनोज पुंडीर ने बताया कि लीग के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अंपायरिंग करते नजर आएंगे। सभी मैचों का लाइव प्रसारण भी पिछले वर्ष की तरह वैश्विक स्तर पर किया जाएगा। बैठक में कई अहम नियुक्तियां भी की गईं। पूर्व राज्य क्रिकेटर आकाश लूथरा को एसोसिएशन का एग्जीक्यूटिव सदस्य बनाया गया। अंकुर को क्रिकेट कोच, रवि कौशिक को टेक्निकल कमेटी हेड और डॉ. शिवानी को चिकित्सा प्रमुख की जिम्मेदारी सर्वसम्मति से सौंपी गई। वहीं अरविंद भारद्वाज को एसोसिएशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिसका प्रस्ताव अध्यक्ष भूपेंद्र यादव ने रखा। बैठक में चेयरमैन भीम कंसल, अध्यक्ष भूपेंद्र यादव, सचिव मनोज पुंडीर, उपाध्यक्ष कुशल पाल सिंह, इंदर माथुर, योगेंद्र मलिक, संजय शर्मा, अजय जैन सीए, ओमदेव सिंह, विकास राठी, रोहित चौधरी, रोहन त्यागी, संजय चौधरी, आशीष भटनागर, श्रीश वर्मा, अरविंद भारद्वाज, अरशद, डॉ. हेमंत, योगेश कुमार सहित अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें:  UP BOARD EXAM-1463 परीक्षार्थियों ने छोड़ा हाईस्कूल विज्ञान का पेपर
Share This Article