रामराज में सरेआम गोली मारकर युवक की हत्या

घायल सुरेंद्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

मुजफ्फरनगर। मेरठ जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र के रामराज कस्बे में दिनदहाड़े हुई गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। रामराज के मुख्य बाजार स्थित सनातन धर्म मंदिर के सामने भीड़ वाले इलाके में वारदात को अंजाम दिया गया। इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में भय व्याप्त है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-खूनी मोड बिलासपुर कट पर पुल बनने का रास्ता साफ

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रामराज निवासी मोहल्ला जगजीवन पुरी के सुरेंद्र (28) पुत्र कश्मीर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अज्ञात हमलावरों ने सुरेंद्र को उस समय गोली मारी, जब वह बाजार से गुजर रहा था। गोली चलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी देहात ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल सुरेंद्र को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसपी का कहना है कि सीसीटीवी की फुटेज खंगाल जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर हत्यारे को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वारदात क्यों की गई, इस बारे में मृतक के परिजनों से जानकारी ली जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-दो दिन पहले छुट्टी आए सीआरपीएफ के जवान ने गोली मारकर की खुदकुशी

खुलेआम बाजार में हुई इस गोलीबारी की घटना ने स्थानीय व्यापारियों और निवासियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि इतने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद से रामराज कस्बे में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। बता दें कि रामराज कस्बा मुजफ्फरनगर जिले में आता है, जबकि थानाक्षेत्र बहसूमा का है, जो कि मेरठ में आता है। यह दोनों जिलों के बॉर्डर का इलाका है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR LOKSABHA-मंत्री संजीव, हरेन्द्र और दारा सिंह मैदान में उतरे
Share This Article