देहरादून पहुंचकर रालोद सांसद चंदन चौहान ने उठाई आवाज, पीड़ित परिवार को सहायता और छात्रों की सुरक्षा के लिए ठोस निर्णय की अपील
मुजफ्फरनगर। देहरादून में एक छात्र की हत्या के मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरी चिंता पैदा कर दी है। इस घटना को लेकर न्याय की मांग अब तेज हो गई है, और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवाज बुलंद हो रही है। देहरादून स्थित उत्तरांचल विश्वविद्यालय में बी.टेक के छात्र दिव्यांशु जटराणा की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने सक्रियता दिखाते हुए न्याय की मांग उठाई है।
दिव्यांशु जटराणा मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के भोपा थाना क्षेत्र के गांव अथाई का निवासी था। जानकारी के अनुसार, कॉलेज के ही कुछ छात्रों के साथ हुए विवाद के बाद उसे बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के निर्देश पर बिजनौर लोकसभा क्षेत्र से सांसद और युवा विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन चौहान देहरादून पहुंचे। उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस मुलाकात के दौरान उन्होंने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने रालोद सांसद चंदन चौहान को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। रालोद युवा विंग के अध्यक्ष सांसद चंदन का कहना है कि यह केवल एक छात्र की हत्या का मामला नहीं, बल्कि उत्तराखंड में छात्र सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, जिस पर तत्काल और प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।






