सूजडू में छत पर कहासुनी के बाद घर में बंद कर की गई बेरहमी से पिटाई, चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। छत पर पतंग उड़ाने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दो युवकों को कथित तौर पर घर में बंद कर पीटा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ये दोनों युवक अपनी रिश्तेदारी में आए हुए थे और रिश्तेदार के साथ छत पर पतंग उड़ा रहे थे। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर हमलावर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया गया है कि दोनों युवकों को गंभीर रूप से चोटिल किया गया है, जिनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद मुजफ्फरनगर के थाना खालापार क्षेत्र स्थित सूजडू, जहांगीर पट्टी इलाके में गोलवाली तालाब के पास पतंग उड़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। जानकारी के अनुसार खलील कुरैशी के घर पर उसकी ससुराल से आए दो युवक छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान पास के मकान की छत पर मौजूद कुछ बच्चों से उनकी कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में यह मामूली बहस थी, लेकिन देखते ही देखते मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले भूरे पक्ष के 5-6 युवक मौके पर पहुंचे और अपनी रिश्तेदारी में आये दोनों युवकों को घेर लिया। इसके बाद उन्हें जबरन अपने घर में ले जाकर बंधक बना लिया और उनको बुरी तरह पीटा गया।
मारपीट की इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही खालापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों द्वारा इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया गया, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में संज्ञान में लिया है। इस मामले में खलील कुरैशी पक्ष की ओर से हमलावरों के खिलाफ खालापार थाने में तहरीर दी गई। थाना प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में आरोपी बताये जा रहे साहिल, अमन, उमर सहित एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घायलों का मेडिकल भी मंगाया गया है।






