किसानों की समस्याओं पर डीएम की चुप्पी से भाजपा नेता नाराज

भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा पुराने डीएम ने नहीं की सुनवाई, नवागंतुक डीएम से समाधान की उम्मीद

29 अक्टूबर को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को भेजे गए पत्र पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाकर पुराना पत्र किया सार्वजनिक

मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ किसान नेता राजू अहलावत ने किसानों से जुड़ी समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले महीने 29 अक्टूबर को तत्कालीन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को पत्र भेजकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया गया था और समाधान कराने का आग्रह किया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन की ओर से बातचीत तक शुरू नहीं की गई।

किसान नेता राजू अहलावत का कहना है कि जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में किसानों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए थे। उम्मीद थी कि जिला प्रशासन इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करेगा और समाधान की दिशा में कदम उठाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पत्र पर कार्रवाई नहीं होने की वजह क्या रही, यह भी उन्हें स्पष्ट नहीं हो सका। राजू अहलावत के अनुसार, बरसात के कारण खतौली बाईपास की मिट्टी बहकर आसपास के किसानों के खेतों में काफी अंदर तक पहुंच गई। इसके चलते किसानों की फसलें और खेत प्रभावित हुए हैं। किसानों को हुए नुकसान के मद्देनजर उन्होंने जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को 29 अक्टूबर को पत्र लिखकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की थी।
एनएचएआई से मिट्टी हटवाने और मुआवजे की थी मांग

इसे भी पढ़ें:  भाकियू का बिगुल-जीआईसी मैदान में मजदूर-किसान महापंचायत, यातायात पर लगी पाबंदी

29 अक्टूबर को भेजे गए पत्र में राजू अहलावत ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया था कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को निर्देशित कर किसानों के खेतों में जमा हुई मिट्टी को तत्काल हटवाया जाए। साथ ही जिन किसानों की फसलें और खेत खराब हुए हैं, उन्हें हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिलाया जाए। उन्होंने जनहित में इस मामले पर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग भी की थी। राजू अहलावत ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी तक नहीं है कि जिलाधिकारी कार्यालय से उनका पत्र एनएचएआई को भेजा भी गया या नहीं। यदि पत्र भेजा गया था तो संबंधित विभाग ने उस पर क्या कार्रवाई की और यदि पत्र आगे नहीं भेजा गया तो इसकी वजह क्या रही? उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई।

इसे भी पढ़ें:  कबीर जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

नवागत डीएम से लगाई गुहार, सार्वजनिक किया पुराना पत्र

राजू अहलावत ने अब 29 अक्टूबर को जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र को सार्वजनिक करते हुए जिले में आए नवागत जिलाधिकारी से किसानों की समस्या का समाधान कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पूर्व में किसानों के हित में मामला प्रशासन के संज्ञान में लाया गया था, लेकिन कोई नतीजा सामने नहीं आया। ऐसे में अब नए जिलाधिकारी से अंतिम निवेदन है कि खतौली बाईपास से प्रभावित किसानों के खेतों से मिट्टी हटवाने और फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासनिक स्तर पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई जरूरी है। किसानों की फसल और जमीन को नुकसान पहुंचने के बाद भी यदि शिकायतों पर सुनवाई नहीं होती तो उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है। अब देखना होगा कि नवागत जिलाधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और प्रभावित किसानों को कब तक राहत मिल पाती है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-सिंचाई विभाग के भ्रष्टाचार के खिलाफ क्रांतिसेना का हल्ला बोल
Share This Article