अलीगढ़ की एसपी क्राइम ममता कुरील संभालेंगी मुजफ्फरनगर में यातायात की कमान, ई-रिक्शाओं की बढ़ती संख्या और बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाना होगी बड़ी चुनौती
मुजफ्फरनगर। जनपद की यातायात व्यवस्था में बदलाव की उम्मीद के बीच शासन ने पुलिस विभाग में फेरबदल करते हुए एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे का तबादला मथुरा कर दिया है। उन्हें मथुरा में एसपी सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अलीगढ़ में एसपी क्राइम के पद पर तैनात ममता कुरील को मुजफ्फरनगर का नया एसपी ट्रैफिक बनाया गया है। उनके स्थानांतरण से जिले की यातायात व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सुधार की उम्मीद जगी है।
पिछले दो-तीन महीनों से मुजफ्फरनगर शहर की यातायात व्यवस्था लगातार चुनौती बनी हुई है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर जाम की स्थिति आम हो गई है। सड़कों पर तेजी से बढ़ती ई-रिक्शाओं की संख्या और उनके अनियंत्रित संचालन ने यातायात की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। ऐसे में नए एसपी ट्रैफिक के सामने शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
दो साल से अधिक समय तक संभाली यातायात की जिम्मेदारी
अतुल कुमार चौबे 2008 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से वाराणसी के निवासी हैं। उन्होंने सितंबर 2024 में मुजफ्फरनगर में एसपी ट्रैफिक के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था। करीब दो साल से अधिक समय तक जिले में तैनाती के दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कई प्रयास किए। ई-रिक्शाओं के बढ़ते दबाव को देखते हुए उन्होंने इनके संचालन के लिए रूट निर्धारित करने की योजना तैयार कराई थी। इसका उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शाओं की भीड़ कम करना और यातायात को सुचारू बनाना था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद यह व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू नहीं हो सकी। अब उनका तबादला मथुरा कर दिया गया है, जहां उन्हें एसपी सुरक्षा की जिम्मेदारी मिली है।
ममता कुरील के सामने होंगी कई चुनौतियां, राहत की उम्मीद
मुजफ्फरनगर की नई एसपी ट्रैफिक बनाई गईं ममता कुरील मूल रूप से उन्नाव जनपद की निवासी हैं। वह 2008 बैच की पीपीएस अधिकारी हैं और सितंबर 2024 से अलीगढ़ में एसपी क्राइम के पद पर कार्यरत थीं। शासन ने उनका तबादला मुजफ्फरनगर कर दिया है। ममता कुरील के सामने जिले की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ ही ई-रिक्शाओं के संचालन को व्यवस्थित करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। शहर के व्यस्त बाजारों, प्रमुख चौराहों और मुख्य मार्गों पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहने की उम्मीद है। खासतौर पर ई-रिक्शाओं के लिए निर्धारित रूट व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने, प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और जाम की समस्या से निपटने के लिए नई कार्ययोजना बनाने की जरूरत महसूस की जा रही है।
