मुजफ्फरनगर-चार बच्चों की मां ने छह बच्चों के पिता से किया निकाह

अब जान का खतरा बताकर एसएसपी से मांगी सुरक्षा, पहले पति से तलाक के बाद की दूसरी शादी, पूर्व ससुराल और मायके पक्ष से मिल रही धमकियां

मुजफ्फरनगर। जनपद में निकाह के बाद दंपती को कथित रूप से जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। चार बच्चों की मां शाहीन बानो ने पहले पति से तलाक होने के बाद छह बच्चों के पिता राहिल के साथ निकाह कर लिया। महिला का आरोप है कि उसके इस फैसले से नाराज पूर्व ससुराल पक्ष के लोग और मायके पक्ष के कुछ रिश्तेदार उसे तथा उसके पति को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय को प्रार्थना पत्र देकर अपनी और पति की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

इसे भी पढ़ें:  बुलडोजर कार्रवाई मामले में अदालत की अवमानना का आरोप

एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में शाहीन ने बताया कि वह मूल रूप से थाना जानसठ क्षेत्र के गांव तालड़ा की निवासी है। फिलहाल वह कोतवाली नगर क्षेत्र के मिमलाना रोड पर रह रही है। महिला के मुताबिक, उसका पहले निकाह तहसीन के साथ हुआ था, जिससे उसे चार बच्चे हैं। बाद में तहसीन ने उसे तलाक दे दिया था। इसके बाद उसने अपनी जिंदगी नए सिरे से शुरू करने का फैसला लिया और 30 अक्टूबर 2026 को नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी हफीजुद्दीन के पुत्र राहिल के साथ निकाह कर लिया। राहिल के भी छह बच्चे बताए गए हैं।

इसे भी पढ़ें:  मंत्री कपिल देव ने किया प्राचीन शिव मंदिर एवं धर्मशाला के जीर्णाेद्धार भूमि पूजन

महिला का कहना है कि निकाह के बाद वह अपने पति राहिल के साथ जीवन व्यतीत कर रही है, लेकिन उसका यह फैसला पूर्व ससुराल पक्ष के कुछ लोगों और मायके के कुछ रिश्तेदारों को पसंद नहीं आया। आरोप है कि ये लोग उसके नए वैवाहिक जीवन में बाधा डाल रहे हैं और उसे तथा उसके पति को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं। महिला ने अपनी और पति की जान-माल को खतरा बताते हुए किसी अप्रिय घटना की आशंका जताई है। शाहीन बानो ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में पूरे मामले का संज्ञान लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। उसने थाना नई मंडी पुलिस को मामले में कार्रवाई के निर्देश देने, अपनी और पति की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा कथित रूप से धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में एमपीएल-2 का काउंट डाउन शुरू, खिलाड़ियों की नीलामी
Share This Article