दहेज में 25 लाख रुपये और गाड़ी की मांग कर प्रताड़ित करने का आरोप, किसान नेता की पुत्री को इंसाफ दिलाने उमड़ी यूनियन
सर्दी में परिजनों के साथ रातभर सड़क पर बैठी रही विवाहिता, पति सहित ससुराल के लोग घर में ताला लगाकर फरार, हुआ हंगामा
मुजफ्फरनगर। शादी की पहली सालगिरह किसी भी दंपती के लिए खुशियों का अवसर होती है, लेकिन मुजफ्फरनगर में एक विवाहिता के लिए यही दिन इंसाफ की लड़ाई में बदल गया। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रेशु विहार रेलवे फाटक के समीप एक विवाहिता अपने ससुराल के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गई। उसका आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा है। करीब तीन महीने से मायके में रह रही विवाहिता को उसके पति ने शादी की पहली सालगिरह पर फोन करके ससुराल बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे घर में रखने के बजाय बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग मकान पर ताला लगाकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद विवाहिता अपने परिजनों के साथ पूरी रात कड़ाके की ठंड में सड़क पर बैठकर इंसाफ की गुहार लगाती रही। दिन निकलने पर भाकियू के लोग भी महिला को इंसाफ दिलाने धरने पर पहुंचे।
पीड़ित विवाहिता बिपाशा निवासी किनौनी ने बताया कि उसकी शादी 24 नवंबर 2025 को रेशु विहार निवासी यश शर्मा पुत्र विनय शर्मा के साथ हुई थी। बिपाशा का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में उसे दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। कभी गाड़ी तो कभी रुपयों की मांग की जाती रही। उसका कहना है कि उसे न तो बहू के रूप में सम्मान मिला और न ही पत्नी के अधिकार दिए गए। इसी परेशानी के चलते वह पिछले करीब तीन महीने से अपने मायके में रह रही थी।

बिपाशा के मुताबिक, शादी की पहली सालगिरह पर उसके पति यश शर्मा ने फोन करके उसे ससुराल बुलाया था। इसके बाद मंगलवार को वह अपने माता-पिता के साथ ससुराल पहुंची। परिजनों ने बेटी को वहां छोड़ने से पहले पति और ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत भी की। आरोप है कि मायके वालों के वापस जाने के बाद पति यश शर्मा, सास रजनी, ससुर विनय शर्मा और पति की बुआ ने उसके साथ अभद्रता करते हुए उसे घर से बाहर निकाल दिया। उसका बैग भी बाहर फेंक दिया गया। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग मकान पर ताला लगाकर चले गए। विवाहिता का आरोप है कि पति और ससुराल के अन्य लोगों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए, जिससे उनसे संपर्क भी नहीं हो सका। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ घर के बाहर ही धरने पर बैठ गई। रातभर ठंड में सड़क पर बैठे रहने के बावजूद उसकी सुनवाई नहीं होने से परिजनों में भी नाराजगी दिखाई दी।
मामले की जानकारी मिलने पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नगर अध्यक्ष अनुपम शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और विवाहिता को समर्थन देते हुए धरने पर बैठ गए। अनुपम शर्मा ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि किसान परिवार की बेटी के साथ शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने 25 लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसान की बेटी को इंसाफ नहीं मिला तो बड़ा आंदोलन किया जायेगा।
धरने और हंगामे की सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइन प्रभारी इंस्पेक्टर रघुराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान विवाहिता और उसके परिजनों ने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए न्याय की मांग की। भाकियू पदाधिकारियों ने भी पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि योगी सरकार महिला सम्मान और सुरक्षा की बात करती है, लेकिन एक नवविवाहिता को अपनी शादी की पहली सालगिरह पर ससुराल के बाहर सड़क पर बैठकर इंसाफ मांगना पड़ रहा है। धरने पर बैठी बिपाशा ने कहा कि वह किसी से कुछ छीनना नहीं चाहती, बल्कि केवल पत्नी के रूप में अपना अधिकार और सम्मान चाहती है। उसने कहा कि पति ने खुद फोन करके सालगिरह पर बुलाया था, लेकिन वहां पहुंचने पर उसे घर से बाहर कर दिया गया।
