गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सिख संगत को मिली सौगात, मंत्री कपिल देव ने नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के साथ की घोषणा
भोपा रोड पर श्रीराम स्वीट्स के सामने लगाया गया नामकरण का बोर्ड, नगर पालिका बोर्ड से प्रस्ताव पास कराकर शासन से ली जाएगी मंजूरी
मुजफ्फरनगर। शहर में महापुरुषों और शहीदों के नाम पर चौराहों के नामकरण को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब एक और नया चौराहा बनाए जाने की घोषणा हुई है। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर रोडवेज स्थित गुरुद्वारे में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के कौशल विकास विभाग के राज्यमंत्री एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने सिख संगत के बीच गुरु गोविंद सिंह के नाम पर शहर में नया चौराहा विकसित करने की घोषणा की। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप भी मौजूद रहीं।

घोषणा के बाद बुधवार को शहर के भोपा रोड पर श्रीराम स्वीट्स के सामने सिख समाज की ओर से प्रस्तावित चौराहे के नामकरण का बोर्ड भी लगा दिया गया है। इसके साथ ही शहर में एक और चौराहे के नामकरण को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि वह जल्द ही इस संबंध में नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप को प्रस्ताव भेजेंगे। नगरपालिका परिषद से प्रस्ताव पारित कराकर शासन से इसकी औपचारिक मंजूरी दिलाई जाएगी।

श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सतपाल सिंह मान ने इस घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल और पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सिख संगत की आस्था और भावनाओं का सम्मान करते हुए गुरु गोविंद सिंह के नाम पर शहर में चौराहा देने का निर्णय सराहनीय है। गुरु गोविंद सिंह का जीवन त्याग, बलिदान और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष का प्रतीक रहा है। उन्होंने देश और धर्म के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों के सम्मान की भावना को भी इस पहल से जुड़ा बताया।
शहर में मार्गों और चौराहों के नामकरण का मुद्दा पहले भी विवादों में रह चुका है। सिविल लाइन थाने से होकर गुजरने वाले गांधी कॉलोनी-पचेंडा रोड के नामकरण को लेकर सिख और जाट समाज के बीच काफी समय तक विवाद चला था। नगरपालिका परिषद की ओर से इस मार्ग का नाम कारगिल युद्ध के शहीद जवान बचन सिंह के नाम पर रखा गया था। इसके बाद सिख समाज ने गुरु नानक देव मार्ग के नाम से बोर्ड लगा दिया था। इस मामले में दोनों समाज आमने-सामने आ गए थे और लंबे समय तक नामकरण को लेकर असहमति बनी रही।
नगरपालिका परिषद की ओर से शहर में अब तक कई महापुरुषों और शहीदों के नाम पर चौराहों एवं स्मारकों के नामकरण के प्रस्ताव पारित किए जा चुके हैं। इनमें अटल चौक, वीर अब्दुल हमीद चौक, महाराणा प्रताप चौक, महर्षि कश्यप चौक, वाल्मीकि चौक, भगवान परशुराम स्मारक और महाराजा अजमीढ चौक शामिल हैं। हालांकि, इनमें से अटल चौक, वीर अब्दुल हमीद चौक और महाराणा प्रताप चौक के नामकरण को लेकर विरोध भी सामने आया है। इन प्रस्तावों पर अलग-अलग स्तर पर आपत्तियां और चर्चाएं जारी हैं। ऐसे में गुरु गोविंद सिंह के नाम पर प्रस्तावित नए चौराहे को लेकर भी अब लोगों की निगाहें नगरपालिका परिषद की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
