शाहपुर क्षेत्र में हरसौली के पास हादसे के बाद मची चीख-पुकार, पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र में हरसौली चौकी के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बुढ़ाना निवासी अंसार पुत्र साबिर की मौत हो गई, जबकि कारों में सवार अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस और हरसौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कारों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुढ़ाना निवासी शाहबाज पुत्र गुलफाम, तैय्यब पुत्र अली मोहम्मद, अमन पुत्र बशारत और अंजार वैगनआर कार से बारात में शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर जा रहे थे। उनकी कार जब हरसौली चौकी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही स्विफ्ट कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों में सवार लोग घायल हो गए।
बताया गया कि स्विफ्ट कार बुढ़ाना की ओर जा रही थी, जिसे रूपक पुत्र अनुज चला रहा था। हरसौली चौकी के पास दोनों कारों की भिड़ंत के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। हादसे की सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस और हरसौली चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं, अंसार को अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में अन्य घायलों का उपचार कराया गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और हादसे के संबंध में जानकारी जुटाई।
