मुजफ्फरनगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 16 अधिकारियों के तबादले

इस कार्रवाई के तहत दो थाना प्रभारियों से उनका चार्ज वापस लेकर उन्हें साइड चार्ज मानी जाने वाली अन्य जिम्मेदारियों में स्थानांतरित किया

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पुलिस महकमे में थानेदारों से लेकर सिपाहियों तक से जुड़े हालिया विवादों के बाद प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर पुलिस में व्यापक स्तर पर तबादले किए गए हैं। यह फेरबदल न केवल संवेदनशील थानों को प्रभावित करता है, बल्कि विभागीय प्रदर्शन और जवाबदेही को भी नई दिशा देता है।

मुजफ्फरनगर में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने 13 निरीक्षकों और 3 उपनिरीक्षकों के तबादले कर दिए हैं। इस कार्रवाई के तहत दो थाना प्रभारियों से उनका चार्ज वापस लेकर उन्हें साइड चार्ज मानी जाने वाली अन्य जिम्मेदारियों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें भोपा और रामराज थाना प्रभारी निरीक्षकों को उनके पद से हटाया गया है। भोपा थाना प्रभारी को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। राकेश शर्मा नामक युवक के कथित धर्मांतरण प्रयास और मस्जिद में नमाज पढ़ाने से जुड़े वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय किसान यूनियन और हिंदूवादी संगठनों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई की थी, जिसके बाद अब प्रशासनिक स्तर पर यह निर्णय लिया गया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर: बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले युवक को 20 साल की कैद

रामराज थाना प्रभारी पर भी कार्रवाई करते हुए उन्हें चार्ज से मुक्त किया गया है। इसके अलावा जिले के नौ थानों में प्रभार का फेरबदल किया गया है, जहां अधिकारियों की जिम्मेदारी बरकरार रखते हुए उनके कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। साइबर क्राइम शाखा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रभारी निरीक्षक सुल्तान सिंह को पुरस्कृत करते हुए थाने का चार्ज सौंपा गया है। साथ ही जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्यरत अपने पीआरओ को भी एसएसपी ने थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। एसएसपी के जारी तबादला आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर--गन्दगी हटी, निखरा शहरः ईदगाह तिराहा पर पार्क का लोकार्पण

इसमें एसएसपी संजय वर्मा के द्वारा इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव को थाना रामराज से हटाकर प्रभारी अपराध शाखा बनाया गया है, जबकि भोपा थाना प्रभारी जसबीर सिंह को भोपा थाने के चार्ज से हटाकर आईजीआरएस/पासपोर्ट सेल भेजा गया है। इंस्पेक्टर महावीर सिंह चैहान को खालापार से सिविल लाइन और निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा को कोतवाली नगर से खालापार स्थानांतरित किया गया है। इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा को नई मंडी से कोतवाली नगर, आनंद देव मिश्र को मंसूरपुर से नई मंडी तथा आशुतोष कुमार को सिविल लाइन से भोपा थाने में नया थानेदार बनाकर भेजा गया है। कोतवाली नगर के इंस्पेक्टर क्राईम विपिन त्यागी को मंसूरपुर में थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है, कई बड़े साइबर केस सुलझाने वाले इंस्पेक्अर सुल्तान सिंह को साइबर क्राइम थाने से बुढ़ाना का नया थाना प्रभारी बनाया गया है और प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को फुगाना से हटाकर इसी पद पर रतनपुरी स्थानांतरित किया गया है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-शहर में पांच स्थानों पर जलते नहीं मिले अलाव

इसके अलावा एसएसपी संजय वर्मा ने इंस्पेक्टर क्राइम बुढ़ाना कर्मवीर सिंह को बुढ़ाना से साइबर क्राइम थाने का नया इंचार्ज बनाया है, इंस्पेक्टर योगेंद्र शर्मा को रतनपुरी से हटाकर भौराकलां थाने में नया इंचार्ज बनाया है, वहीं इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह को अपराध शाखा से हटाकर कोतवाली नगर में इंस्पेक्टर क्राइम नियुक्त किया गया है। इसके अलावा तीन उप निरीक्षकों में एसएसपी संजय वर्मा द्वारा मानवेन्द्र सिंह को भौराकलां थाने से पुरकाजी थानाध्यक्ष और जयवीर सिंह को पुरकाजी से फुगाना थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एसएसपी ने अपने पीआरओ उप निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह सिरोही को रामराज थानाध्यक्ष बनाया है।

Share This Article