Muzaffarnagar News: दुकान में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, दीवार हुई ध्वस्त, बाजार में दहशत

शहर के बीच प्रकाश चैक पर बड़ा हादसा टला, ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी

 

दीवार तोड़कर दूसरी दुकान में जा घुसा सिलेंडर, बाल-बाल बचे लोग, पुलिस ने पहुंचकर की छानबीन

मुजफ्फरनगर। शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ऑक्सीजन सिलेंडर में हुए तेज धमाके ने कुछ ही पलों में पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना हालात गंभीर हो सकते थे।

शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र प्रकाश चैक के पास स्थित कुमार गैसिस पर गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ऑक्सीजन सिलेंडर अचानक फट गया। यह प्रतिष्ठान जिले के विभिन्न अस्पतालों और अन्य स्थानों पर ऑक्सीजन सिलेंडरों की आपूर्ति करता है, जहां सैकड़ों सिलेंडरों का भंडारण भी किया जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय एक ई-रिक्शा में दर्जनों ऑक्सीजन सिलेंडर लाकर उतारे जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक सिलेंडर में तेज धमाका हुआ।

इसे भी पढ़ें:  हादसों का ब्लैक संडेः कार दीवार से टकराने पर नोएडा के युवक की मौत, बाइक सवार गंभीर

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि सिलेंडर पास की दीवार को तोड़ते हुए दूसरी दुकान में जा घुसा। धमाके की आवाज से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ जैसे हालात बन गए।

घटना के बाद पूरे बाजार में दहशत का माहौल फैल गया। लोग अपनी-अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन जिस दुकान की दीवार टूटी, उसे भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

इसे भी पढ़ें:  गुरु गोविन्द सिंह जी के प्रकाश पर्व पर निकला भव्य नगर कीर्तन, श्रद्धा और अनुशासन का अद्भुत संगम

 

साथ ही आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। प्रारंभिक जांच में सिलेंडर के अचानक फटने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने घटना के बाद सुरक्षा मानकों पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से ऐसे संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

इसे भी पढ़ें:  जैन समाज ने धूमधाम से मनाया रक्षाबंधन पर्व और श्री श्रेयांसनाथ भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव
Share This Article