भव्य कार्यक्रम के बीच मंत्री कपिल देव ने शिक्षामित्रों को बांटे चेक किया सम्मानित, गोरखपुर के सम्मान समारोह से मुख्यमंत्री योगी का संबोधन लाइव प्रसारित, जताया आभार
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के निर्णय को लेकर मंगलवार को पूरे प्रदेश में उत्साह का माहौल रहा। इसी क्रम में विभिन्न जनपदों में सम्मान समारोह आयोजित कर शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ प्रदान किया गया और उनके योगदान को सराहा गया। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षामित्रों के मानदेय को योगी सरकार ने 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह किया है। इसके उपलक्ष्य में मंगलवार को प्रदेशभर में शिक्षामित्र सम्मान समारोह आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम गोरखपुर में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय का लाभ प्रदान करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद में जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने सहभागिता की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान गोरखपुर में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और उनके संबोधन का लाइव प्रसारण भी उपस्थित लोगों को दिखाया गया, जिसे शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक देखा। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय शिक्षामित्रों के जीवन स्तर को सुदृढ़ करने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में कई दूरदर्शी निर्णय लिए हैं, जिससे न केवल विद्यालयों के बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है बल्कि शिक्षकों और शिक्षामित्रों के सम्मान व हितों की भी निरंतर रक्षा की गई है।
नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शिक्षामित्रों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे केवल शिक्षक ही नहीं, बल्कि बच्चों के मार्गदर्शक और अभिभावक भी हैं। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को जिस विश्वास के साथ विद्यालय भेजते हैं, उस विश्वास को बनाए रखना शिक्षामित्रों की बड़ी जिम्मेदारी है। उनके समर्पण से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय की राशि वाले चेक प्रदान सम्मानित किया गया तथा उन्हें शॉल ओढ़ाकर उनके योगदान की सराहना की गई। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया। इस दौरान मुख्य रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरेन्द्र शर्मा, सीडीओ कमल किशोर कंडारकर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार भी मौजूद रहे। समारोह का संचालन डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया।
मुजफ्फरनगर में 1110 शिक्षा मित्र लाभान्वित, 88.80 लाख रुपये बढ़कर मिले
बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग के अधीन विद्यालयों में 1110 शिक्षा मित्र कार्यरत हैं, इन सभी को आज नवीन मानदेय से लाभान्वित किया गया है। इनको अपै्रल माह का मानदेय बढ़कर मिला है। पहले इनको दस हजार रुपये मासिक मानदेय मिलता था, अब 18 हजार मानदेय किया गया है। इस प्रकार मासिक मानदेय में आठ हजार प्रतिमाह की वृद्धि हुई है। ऐसे में इन शिक्षा मित्रों को 88.80 लाख रुपये अपै्रल माह में ज्यादा मिले हैं, अपै्रल माह का मानदेय सभी 1110 शिक्षा मित्रों के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया गया है। शिक्षा मित्र संगठन के पदाधिकारियों ने मंत्री कपिल देव अग्रवाल का समारोह में सम्मान करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार प्रकट किया है।






