बैचमेट पीसीएस अफसर निकिता शर्मा और लक्ष्मी लांबा को एडीएम स्तरीय नया वेतनमान जारी
लक्ष्मी जानसठ और निकिता खतौली तहसील में तैनात, मंत्री अनिल से विवाद में सुर्खियों में रहीं निकिता
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में प्रशासनिक सेवा से जुड़ी दो महिला अधिकारियों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। जिले में तैनात एसडीएम निकिता शर्मा और लक्ष्मी लांबा को शासन ने प्रमोशन लाभ देते हुए एडीएम स्तर का वेतनमान प्रदान किया है। दोनों अधिकारियों की कार्यशैली और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शासन द्वारा प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई पीसीएस अधिकारियों को उच्च वेतनमान और प्रमोशन लाभ दिए गए हैं। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर में तैनात एसडीएम निकिता शर्मा और लक्ष्मी लांबा को एसडीएम से एडीएम स्तर का प्रमोशन लाभ मिला है। दोनों अधिकारी 2020 बैच की पीसीएस अधिकारी हैं और वर्तमान में जिले की महत्वपूर्ण तहसीलों में जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
जानसठ तहसील में तैनात लक्ष्मी लांबा मूल रूप से सहारनपुर की निवासी हैं। उन्होंने कम्प्यूटर साइंस में बीटेक करने के बाद सिविल सेवा का रास्ता चुना। अप्रैल 2021 में उनकी पहली तैनाती मैनपुरी में डिप्टी कलेक्टर के रूप में हुई थी। इसके बाद अक्टूबर 2021 में कानपुर नगर में तैनाती मिली। 22 जून 2025 से वह मुजफ्फरनगर में अपनी सेवाएं दे रही हैं। वहीं निकिता शर्मा हरियाणा की निवासी हैं। उन्होंने बीएससी और बीएड की शिक्षा प्राप्त करने के बाद प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। मार्च 2021 में उनकी पहली तैनाती शामली में डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुई थी। इसके बाद 4 जुलाई 2023 को उनका तबादला मुजफ्फरनगर कर दिया गया। जिले में वह विभिन्न तहसीलों में कार्यभार संभाल चुकी हैं और वर्तमान में खतौली में एसडीएम के पद पर तैनात हैं।
निकिता शर्मा का नाम उस समय भी चर्चा में आया था जब एसडीएम सदर रहते हुए उनका प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल कुमार के साथ विवाद सामने आया था। मामले में शासन स्तर तक शिकायत भी पहुंची थी। इसके बावजूद उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। इससे पहले सितंबर 2025 में मुजफ्फरनगर में तैनात पीसीएस अधिकारी अपूर्वा यादव को भी वेतनमान वृद्धि के साथ प्रमोशन लाभ दिया गया था। अब निकिता शर्मा और लक्ष्मी लांबा के प्रमोशन को जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में महिला अधिकारियों की बढ़ती भूमिका के रूप में देखा जा रहा है।






