बड़े मंगल पर श्रद्धा और सेवा का संगम, हजारों भक्तों ने किया सुंदरपाठ

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया प्रथम विशाल भंडारे का आयोजन, सुंदरकांड पाठ और हनुमान पूजन में उमड़ा भक्तों का सैलाब

मुजफ्फरनगर। बड़े मंगल के पावन अवसर पर सोमवार को शहर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगत सिंह रोड स्थित श्री हनुमान मंदिर में उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल द्वारा विशाल सुंदरकांड पाठ और सार्वजनिक भंडारे का आयोजन कराया गया। मुजफ्फरनगर के इस पहले बड़े मंगल के प्रथम सार्वजनिक भण्डारा कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बजरंगबली का गुणगान किया तथा प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरकांड पाठ और हनुमान पूजन के साथ हुआ। यहां मंत्री कपिल देव ने अपनी पत्नी अनु बाला अग्रवाल के साथ पूजन किया। इसके उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल स्वयं श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे और प्रसाद वितरण में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान उनके परिवार के सदस्य भी सेवा कार्यों में जुटे रहे। बड़े मंगल की परंपरा विशेष रूप से लखनऊ और अवध क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही है। ज्येष्ठ माह के प्रत्येक मंगलवार को भगवान हनुमान की आराधना के साथ विशाल भंडारों का आयोजन किया जाता है। माना जाता है कि बड़े मंगल पर सेवा, दान और भक्ति का विशेष महत्व होता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मुजफ्फरनगर में भी यह आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल के छात्र शौर्य मलिक ने रजत पदक जीतकर रचा इतिहास

इस अवसर पर कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि बड़े मंगल केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का भी संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान हनुमान शक्ति, साहस, निष्ठा और लोककल्याण के प्रतीक हैं तथा उनके आदर्श समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए सभी को बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा और धार्मिक-सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

इसे भी पढ़ें:  खतौली-बुढाना मार्ग चौड़ीकरण की मांग तेज, सौंपा ज्ञापन

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अनिल कुमार, नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप, रामनिवास पाल, विशाल गर्ग, ललित अग्रवाल, संजय गर्ग, सुनील दर्शन, सुधीर खटीक, नवनीत कुच्छल, रेणु गर्ग, जगदीश पांचाल, ममता अग्रवाल के अलावा भाजपा एवं राष्ट्रीय लोकदल के अनेक पदाधिकारी, सैकड़ों कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के उद्घोषों से गूंजता रहा।

इसे भी पढ़ें:  UP GANNA PRICE--छह साल में बढ़ा 45 रुपये गन्ना मूल्य, किसान खफा
Share This Article