बताया जा रहा है कि पंकज पाल किसी कार्य से बाइक पर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र के बागोवाली गांव के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नई मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय पंकज पाल निवासी नसीरपुर के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। बताया जा रहा है कि पंकज पाल किसी कार्य से बाइक पर जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। वहीं युवक की असमय मौत से नसीरपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।






