रेलवे द्वारा क्षतिग्रस्त की गई पालिका संपत्ति को लेकर मीनाक्षी स्वरूप सख्त

नई मंडी में विकसित किये गये पार्क को तोड़ने पर जताई कड़ी नाराजगी, डीआरएम को लिखा पत्र

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद, मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने उत्तर रेलवे के मंडलीय रेल प्रबंधक, नई दिल्ली को पत्र प्रेषित कर रेलवे विभाग द्वारा नगर पालिका की विकसित सार्वजनिक संपत्तियों को क्षतिग्रस्त किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है तथा पूरे प्रकरण की जांच कर क्षति की भरपाई एवं पुनर्स्थापना की मांग की है।

पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप द्वारा अपने इस पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2022 में तत्कालीन सभासद विपुल भटनागर के प्रयासों से नई मंडी क्षेत्र में रेलवे लाइन के समीप जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवास विकास द्वारा ह्यूमपाइप डालकर नाले को बंद कराया गया था। इसके उपरांत सामाजिक संस्थाओं मोहल्ला वासियो व आमजन के सहयोग व विपुल भटनागर के प्रयासों से नगर पालिका परिषद ने उक्त स्थान का सौंदर्यीकरण कराया। वहां एक सुंदर सार्वजनिक पार्क विकसित किया गया, साथ ही महात्मा गांधी की प्रतिमा, लगभग 20 फीट लंबा म्यूरल, विभिन्न मूर्तियां, स्ट्रीट लाइटें एवं अन्य जनसुविधाएं स्थापित की गईं, जिससे यह स्थान स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में बच्चों ने दिखाया प्रतिभा का जोश, समर कैंप का समापन

नगरपालिका अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि रेलवे विभाग ने अपनी बाउंड्री वॉल के पुनर्निर्माण एवं विस्तारीकरण के दौरान बिना किसी पूर्व सूचना अथवा नगर पालिका से समन्वय किए इन सार्वजनिक निर्माणों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे नगर पालिका की लाखों रुपये की सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा तथा स्थानीय नागरिकों की सुविधाएं भी प्रभावित हुईं। अपने पत्र में श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने रेलवे प्रशासन से बिना सूचना कार्य कराए जाने का कारण स्पष्ट करने, क्षति का संयुक्त निरीक्षण कर वास्तविक आकलन कराने, क्षतिग्रस्त सार्वजनिक संपत्तियों की पुनर्स्थापना रेलवे विभाग के व्यय पर कराने तथा भविष्य में ऐसे कार्यों से पूर्व नगर पालिका से आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  लखीमपुर खीरी में 20 लोगों से भरी नाव शारदा नदी में पलटी....पिता-पुत्री पानी में बह गए
सभासद विपुल भटनागर द्वारा विकसित कराये गये पार्क का फाइल चित्र, जो केवल यादगार बनकर रह गया।

पूर्व सभासद विपुल भटनागर एवं मोहल्लेवासियों ने नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप द्वारा इस गंभीर विषय का संज्ञान लेने तथा रेलवे प्रशासन के समक्ष जनहित का पक्ष मजबूती से रखने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने आशा जताई कि रेलवे विभाग शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सार्वजनिक संपत्तियों की भरपाई एवं पुनर्निर्माण सुनिश्चित करेगा, जिससे क्षेत्रवासियों को पुनः सभी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इसे भी पढ़ें:  एम.जी. पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मना पृथ्वी दिवस
Share This Article