काली नदी पुल के पास चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में दबोचा गया आरोपी, अवैध हथियार और बाइक बरामद
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 15 हजार रुपये का इनामी एवं वांछित बदमाश समीर उर्फ फौजी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी रोहित पुलिस की घेराबंदी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे तथा जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दोनों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार की रात को कोतवाली नगर पुलिस न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने वाहन मोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बारिश के कारण फिसलन भरे रास्ते पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पीछा कर रही पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने फायरिंग जारी रखी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में समीर उर्फ फौजी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरे आरोपी रोहित को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, 315 बोर के दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार समीर उर्फ फौजी निवासी शीतला नगर, नई आबादी खतौली पहले से कई संगीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना कोतवाली नगर में दर्ज एक आयुध अधिनियम के मुकदमे में उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
दूसरा गिरफ्तार आरोपी रोहित पुत्र निर्भय सिंह निवासी ग्राम जीवना थाना मंसूरपुर है, जो वर्तमान में आनंद विहार, भूड़ चौकी के निकट रह रहा था। उसके विरुद्ध भी आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई को कोतवाली नगर थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक शशि कपूर सहित नवीन सैनी, सुल्तान और टिंकू शामिल रहे। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।
