आईजीआरएस शिकायत पर नगर पालिका प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई, भारी विरोध के बावजूद नुमाइश कैंप में अवैध अतिक्रमण ध्वस्त
मुजफ्फरनगर। शहर में सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के अभियान के तहत नगर पालिका परिषद ने गुरुवार को नुमाइश कैंप क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़क पर किए गए स्थायी अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक विरोध और हंगामा होता रहा, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में पालिका टीम ने अभियान जारी रखते हुए अवैध निर्माण हटवा दिया। पालिका अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर पालिका परिषद को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि नुमाइश कैंप की कुटिया वाली गली में रहने वाले किशनलाल ने सड़क पर लोहे का जाल और टीन शेड लगाकर स्थायी अतिक्रमण कर लिया है, जिससे आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। शिकायत गली के ही लोगों के द्वारा की गई थी। शासन स्तर से शिकायत मिलने के बाद नगर पालिका प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का निर्णय लिया।

गुरुवार को एई निर्माण नैपाल सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। जैसे ही जेसीबी मशीन से लोहे के जाल और अन्य अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, संबंधित व्यक्ति ने इसका विरोध शुरू कर दिया। विरोध के दौरान उसने अपनी गाड़ी जेसीबी के सामने खड़ी कर दी और स्वयं भी मशीन के आगे खड़ा हो गया। कुछ ही देर में उसका परिवार भी सड़क पर आ गया, जिसके चलते मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
हालांकि नगर पालिका की टीम को आसपास रहने वाले अन्य लोगों और शिकायतकर्ता का समर्थन मिला। स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग करते हुए पालिका प्रशासन से कार्रवाई जारी रखने का आग्रह किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा, जिसके बाद नगर पालिका की टीम ने अवैध लोहे का जाल और टीन शेड हटाकर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। कार्रवाई पूरी होने के बाद पालिका अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण किया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

एई निर्माण नैपाल सिंह ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर शासन से निर्देश मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि किशनलाल ने घर के बाहर ही सड़क पर एक बड़ा क्षेत्र घेर रखा था। लोहे का जाल लगाकर टीन शैड लगाया गया और यहां पर अपनी कार पार्किंग बनाई। यहीं पर एक जाल बनाकर अपने कुत्तों को भी रखता था। इससे मार्ग अवरूद्ध हो रहा था। सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायत मिलने पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान जेई निर्माण कपिल कुमार, लिपिक शोभित कुमार तथा नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ दस्ता भी मौजूद रहा।
