गांव खामपुर निवासी अजरूल अंसारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग, कहा-उसको बेचने का किया गया प्रयास
मुजफ्फरनगर। विश्व हिंदू परिषद के नेता ललित माहेश्वरी के साथ मंगलवार को एक युवती वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और एसएसपी के नाम शिकायती पत्र सौंपते हुए गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित युवती जिला नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश) की निवासी है। समाचार में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जा रही है।
एसएसपी के नाम दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, युवती की मुलाकात मध्य प्रदेश के उमरपानी स्थित एक कोल्हू पर काम करने के दौरान अजय उर्फ अज्जू नाम बताने वाले युवक से हुई। आरोप है कि युवक ने स्वयं को हिंदू बताकर विश्वास में लिया और गुरुग्राम के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने का दावा किया। इसके बाद वह लगातार उसके साथ पति की तरह रहा और गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला ककरा में किराये के मकान में उसको पत्नी बनाकर रखता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि 27 जुलाई 2026 को युवक उसे अपने गांव खामपुर, थाना छपार, जिला मुजफ्फरनगर लेकर आया। यहां पहुंचने पर उसे जानकारी मिली कि युवक का वास्तविक नाम अजरूल अंसारी पुत्र गुलशाद है और उसने अपनी पहचान छिपाकर उससे संबंध बनाए। युवती द्वारा शिकायत में कहा गया है कि जब उसने इस पर आपत्ति जताई तो आरोपी अजरूल अंसारी, उसकी मां तथा गांव की कुछ महिलाओं ने उसके साथ मारपीट की। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने गांव के प्रधान के साथ मिलकर उसे किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का प्रयास किया तथा उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसके साथ दोबारा मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने अपने प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया कि किसी तरह वह थाना छपार पहुंची, लेकिन वहां से पुलिस उसे दोबारा गांव ले गई। उसका कहना है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई करने के बजाये, उसे कहा गया कि हम किराये के पैसे दिलवा रहे हैं, घर लौट जाओ और वहीं छोड़कर आ गई, वहां उसे एक मकान में बंद करके रखा गया, जहां से वह किसी तरह जान बचाकर निकलने में सफल रही। युवती ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चिकित्सीय परीक्षण कराए जाने तथा अजरूल अंसारी व उसका साथ देने वाले अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ललित माहेश्वरी ने इस सम्बंध में कहा कि युवती ने उनसे सम्पर्क किया तो वो मदद के लिए आगे आये। पुलिस को युवती के आरोपों पर जांच कर कार्रवाई करनी चाहिए। छपार थाने के पुलिस कर्मियों की भी जांच की जाये।
हिंदूवादी संगठन के नेताओं का हंगामा, एसआई पर आरोप
छपार थाने में तैनात एक सब इंस्पेक्टर पर इस मामले में युवती को शिकायत करने पर धमकाने और देर रात उसके साथ अभद्र व्यवहार करने के साथ ही उसको मौके से धमका कर भागने का आरोप लगाया गया है। हिंदू संगठन के लोगों ने इस मामले में लापरवाह दरोगा पर भी कार्रवाई की मांग की। छपार थाना प्रभारी मोहित चैधरी ने मौके पर पहुंचकर सभी को समझाते हुए महिला को मेडिकल के लिए भेजने का प्रयास किया तो विश्व हिन्दू परिषद् के ललित माहेश्वरी, शिवसेना के बिट्टू सिखेडा सहित अन्य हिंदूवादी नेताओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। बाद में पुलिस युवती को मेडिकल के लिए लेकर चली गई। छपार एसओ ने कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और लापरवाह सब इंस्पेक्टर को लेकर भी अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाये जाने का भरोसा दिया है।
