कांवड़ यात्रा के बीच शिव चौक पर कंट्रोल रूम के होर्डिंग में लगी आग, हादसा टला

कांवड़ियों के मार्गदर्शन के लिए लगाए गए होर्डिंग में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, फायर टीम ने तुरंत पाया काबू

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के चरम की ओर बढ़ने के साथ शहर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में गुरुवार को शहर के प्रमुख पड़ाव शिव चौक स्थित नगर पालिका परिषद के कंट्रोल रूम पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कांवड़ियों के मार्गदर्शन के लिए लगाए गए दिशा सूचक होर्डिंग में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर के सिपाही की गाजियाबाद में मौत

गुरुवार को शिव चौक स्थित नगर पालिका परिषद के कंट्रोल रूम पर कांवड़ियों की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए लगाए गए दिशा सूचक होर्डिंग में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। घटना होते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों, पालिका कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल सूचना पर पहुंची फायर फाइटर टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और सुरक्षा की दृष्टि से क्षतिग्रस्त होर्डिंग को हटवा दिया।

इसे भी पढ़ें:  लाइनमैन की मौत पर आधी रात तक हंगामा, नौकरी और आर्थिक मदद पर समझौता

घटनास्थल पर होर्डिंग के आसपास कई अन्य बड़े होर्डिंग भी लगे हुए थे। वहीं समीप ही कपड़ों की प्रमुख बाजार, पुलिस चौकी और लगातार गुजर रहे कांवड़ियों की भीड़ मौजूद थी। यदि आग समय रहते नहीं बुझाई जाती तो यह आसपास के होर्डिंग और बाजार क्षेत्र तक फैल सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान होने की आशंका थी। फायर विभाग के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कंट्रोल रूम की छत के पास से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन में हुआ शॉर्ट सर्किट पाया गया।

इसे भी पढ़ें:  हड़ताल के साइड इफेक्टः पालिका ईओ और लेखाकार में हुई तीखी तकरार

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) अनुराग कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी से दिशा सूचक होर्डिंग में आग लगी। समय पर कार्रवाई के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान नहीं हुआ। घटना के बाद संबंधित विभागों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्था और अन्य होर्डिंगों की सुरक्षा की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article