हथकड़ी समेत पुलिस अभिरक्षा से भागा शहनवाज, कुछ घंटे बाद मुठभेड़ में गोली लगने पर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर में पत्नी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर गंभीर रूप से घायल करने के मुकदमे में वांछित शहनवाज पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, वह चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाते समय चलती बाइक से कूद गया और पुलिसकर्मियों को धक्का देकर हथकड़ी समेत भाग निकला।

खालापार पुलिस ने कुछ घंटों बाद किदवईनगर के कूड़ा प्लांट से काली नदी की ओर जाने वाले एटूजेड रोड पर मुठभेड़ के बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।

इसे भी पढ़ें:  तकनीकी रूप से और सशक्त हुई मुजफ्फरनगर पुलिस

पुलिस के मुताबिक, शहनवाज पुत्र रफीक निवासी मोहल्ला किदवईनगर को 25 जून को थाना खालापार पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ थाना खालापार में मुकदमा संख्या 112/2026, धारा 85/124(1) बीएनएस के तहत पत्नी को ज्वलनशील पदार्थ डालकर घायल करने का मामला दर्ज है।

26 जून को पुलिस टीम उसे बाइक से जिला अस्पताल मेडिकल परीक्षण के लिए ले जा रही थी। पुलिस के अनुसार, फक्कड़शाह चौक के पास आरोपी ने चलती बाइक से छलांग लगाई, पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और भीड़ का लाभ उठाकर फरार हो गया। इस दौरान दोनों पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आईं।

इसे भी पढ़ें:  लखनऊ में सीएम योगी के साथ मंत्री अनिल व कपिल ने किया चरण सिंह को नमन

घटना की जानकारी के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीमों ने तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी स्प्लेंडर बाइक से कूड़ा प्लांट किदवईनगर से काली नदी की ओर भागने की तैयारी में है।

पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी, हालांकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं लगी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।

इसे भी पढ़ें:  नेपाल पहुंची मुजफ्फरनगर की राहत सामग्री, अस्मिता भंडारी ने जताया आभार

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और पीबी 07 एडी 4961 नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद होने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार, शहनवाज के खिलाफ मुजफ्फरनगर में हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, जालसाजी, आयुध अधिनियम और आबकारी अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article