मुजफ्फरनगर-मोबाइल चोरी की बात पर कांवड़ सेवा शिविर में हंगामा

मोबाइल चोरी की अफवाह भ्रामक, पुलिस ने समझाकर शांतिपूर्वक किया रवाना

कांवड़ियों के दो पक्षों में हुई मारपीट, पुलिस ने शिविर में पहुंचकर संभाला मोर्चा

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान शहर के मीनाक्षी चौक (सिटी सेंटर) के सामने स्थित शिव परिवार सेवा समिति के कांवड़ सेवा शिविर में सोमवार दोपहर दो कांवड़ियों के बीच हुई कहासुनी ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर मोबाइल फोन चोरी के विवाद में कांवड़ियों के दो पक्षों के बीच मारपीट की चर्चा तेजी से फैल गई, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए स्पष्ट किया कि शिविर में किसी प्रकार की चोरी की घटना नहीं हुई। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया और वे अपनी-अपनी यात्रा पर रवाना हो गए।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-बागोवाली में घर में घुसकर हमले की वीडियो वायरल

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 1.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मीनाक्षी चौक स्थित एक कांवड़ सेवा शिविर में कांवड़ श्रद्धालुओं के दो पक्षों के बीच विवाद हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य बनाया। कुछ देर तक चले विवाद के बाद किसी भी पक्ष ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई और दोनों पक्ष सकुशल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद सोशल मीडिया के कुछ प्लेटफॉर्म पर सेवा शिविर में मोबाइल फोन चोरी होने की बात प्रसारित होने लगी, जिससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन दावों का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह भ्रामक और असत्य बताया।

क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि पुलिस को दो पक्षों के बीच केवल मामूली कहासुनी की सूचना मिली थी। मौके पर किसी प्रकार की मोबाइल चोरी अथवा अन्य आपराधिक घटना नहीं हुई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद सभी श्रद्धालु सुरक्षित अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा किसी भी घटना की पुष्टि केवल अधिकृत स्रोतों से ही करें। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्वक संचालित होती रही।

इसे भी पढ़ें:  शटर तोड़कर ज्वैलर्स की दुकान से एक करोड़ के आभूषण पार, तीन संदिग्ध सीसीटीवी में कैद
Share This Article