रामपुर तिराहे पर अचानक बाइक से गिरा, अस्पताल में किया मृत घोषित, कार्डियक अरेस्ट होने की संभावना
मुजफ्फरनगर। श्रावण मास में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए अपने चार दोस्तों के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेने बाइक पर जा रहे हरियाणा निवासी एक कांवड़िये की रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। रामपुर तिराहे के पास वह अचानक चलती बाइक से नीचे गिर पड़ा। साथियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में मौत के कारणों को लेकर प्रारंभिक आशंका कार्डियक अरेस्ट की जताई जा रही है। घटना से मृतक के साथियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रामपुर तिराहा पर स्थित अस्थाई कांवड़ थाना पुलिस ने एक कांवड़िया युवक को जिला अस्पताल में पहुंचाया था। इस कांवड़िया की अचानक तबियत बिगड़ने पर इसको तत्काल उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस से अस्पताल लाया गया था, जहां इसकी मौत हो गई। इस युवक के साथ आये साथियों में शामिल अजय कुमार निवासी भिवानी ने बताया कि वो सभी इस बार बाइकों पर सवार होकर कांवड़ यात्रा में भगवान शिव का अभिषेक करने के लिए हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए निकले थे। वो चार दोस्त थे, जो साथ ही यात्रा कर रहे थे। इनमें रोशन सिंह 40 पुत्र कृष्णा निवासी बेराल जिला भिवानी हरियाणा भी शामिल था।
अजय ने बताया कि वो सभी खुशी-खुशी जा रहे थे कि रामपुर तिराहा पर पहुंचने पर उनका साथी रोशन भी बाइक पर सवार था, उसकी अचानक तबियत बिगड़ी और वो गिर गया। वहां पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस से उसको तत्काल ही जिला चिकित्सालय भिजवाया, यहां चिकित्सकों ने रोशन को मृत घोषित कर दिया। अजय के अनुसार चिकित्सकों ने बताया कि रोशन की मौत हार्ट अटैक से हुई है। अजय ने साथी की मौत होने के बार यात्रा को बीच में ही रोक दिया। रोशन के परिजनों को सूचना दी।
चार बेटियों पर भगवान शिव से मांगी थी पुत्र की मन्नत, पुत्र रत्न मिलने पर जलाभिषक करने निकला था रोशन
अजय के अनुसार रोशन शादीशुदा था और उसके पांच बच्चे हैं। इनमें उसके चार पुत्रियां हैं और उसने मन्नत मांगी थी यदि भगवान शिव की कृपा से उसको पुत्र प्राप्ति होती है तो वो कांवड़ यात्रा कर जलाभिषेक करेगा और भगवान की कृपा से उसकी पत्नी ने कुछ दिन पहले ही पुत्र को जन्म दिया। परिवार में पुत्र आने से खुशी का वातावरण बना हुआ था और अपनी मन्नत को पूर्ण करने के लिए वो कांवड़ यात्रा पर जा रहा था कि यह हादसा हो गया। परिजनों में कोहराम मचा है। दोपहर बाद तक गांव से रोशन के परिजन भी यहां पहुंच गये थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
