दिनदहाड़े प्रेमिका के पति की हत्या करने वाला हाशिम मुठभेड़ में घायल

मंदवाड़ा रोड पर बुढ़ाना पुलिस से हुई मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और चापड़ किया बरामद

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में दिनदहाड़े प्रेमिका के पति की निर्मम हत्या कर फरार हुए आरोपी हाशिम को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मंदवाड़ा रोड पर घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से हाशिम घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से तमंचा और कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया गया है।

बुढ़ाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब सात बजे मेरठ निवासी तालिब अपनी पत्नी को लेने उसकी ससुराल पहुंचा था। बताया गया कि तालिब सूरत में नौकरी करता था और पत्नी को भी अपने साथ ले जाने की तैयारी में था। इसी दौरान उसकी पत्नी द्वारा कथित तौर पर इसकी जानकारी अपने प्रेमी हाशिम को दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर हाशिम ने तालिब पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल तालिब को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

इसे भी पढ़ें:  अपने पहले तहसील दिवस में डीएम उमेश मिश्रा ने हाथों-हाथ निपटाई 10 शिकायतें

घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी द्वारा तालिब पर हमला किए जाने की घटना कैद होने की बात सामने आई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने धारदार हथियार से तालिब के चेहरे और शरीर पर कई वार किए थे। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग सामने आई है।
सीओ बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी हाशिम मंदवाड़ा रोड पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।

इसे भी पढ़ें:  शिखर धवन को ईडी ने किया तलब.... गैरकानूनी बेटिंग एप मामले में पूछताछ 

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हाशिम के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से कार्रवाई की जानकारी ली। थाना प्रभारी सुभाष अत्री और कस्बा बुढ़ाना चौकी प्रभारी ललित कसाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और बरामदगी की प्रक्रिया पूरी की। अधिकारियों ने मुठभेड़ के दौरान हुई कार्रवाई और आरोपी के पास से मिले हथियार के संबंध में भी जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में तालिब की हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की वजह सामने आई है।

इसे भी पढ़ें:  शुरू हुआ एसआईआर अभियानः तीन बार आपके घर पहुंचेंगे बीएलओ
Share This Article