मुजफ्फरनगर-शिव चौक पर डाक कांवड़ियों से लाठी-डंडे और फरसे जब्त

बाइक सवार कांवड़ियों के हाथों में दिखे लाठी-डंडे और धारदार हथियार, पुलिस ने सख्ती के साथ कब्जे में लिए हथियार

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में डाक कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ और तेज रफ्तार के बीच पुलिस ने हुड़दंग करने तथा हथियारनुमा सामान लेकर चलने वाले कांवड़ियों के खिलाफ सख्ती कर शिकंजा कसने का काम किया। शहर के प्रमुख शिव चौक पर पुलिस की पैनी निगाह के बीच बाइक सवार कई डाक कांवड़ियों के हाथों से लाठी-डंडे और धारदार हथियारनुमा फरसे जब्त किए गए। पुलिस की कार्रवाई के बाद कांवड़ मार्ग पर कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बनी रही।

इसे भी पढ़ें:  इकरा हसन ने संसद में समझाया वंदे मातरम का अर्थ, आप भी सुनिए....

कांवड़ यात्रा अपने अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। मंगलवार को शिवरात्रि पर्व के अवसर पर डाक कांवड़ियों की भारी भीड़ शहर से होकर गुजरी। बड़ी संख्या में बाइक सवार कांवड़िये तेज गति से अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। इसी दौरान कुछ कांवड़ियों के हाथों में लाठी-डंडे और फरसे जैसे धारदार हथियार भी दिखाई दिए। शिव चौक पर तैनात पुलिसकर्मियों की ऐसे कांवड़ियों पर लगातार नजर बनी रही। भीड़ के बीच पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध तरीके से लाठी-डंडे और धारदार सामान लेकर चल रहे कांवड़ियों को रोकने का प्रयास किया। कई स्थानों पर पुलिसकर्मी बाइक से पीछे भागते हुए कांवड़ियों के हाथों से लाठी-डंडे और हथियारनुमा सामान लेते दिखाई दिए।

इसे भी पढ़ें:  PAPERLESS WORK-शिवरात्रि से पहले कलेक्ट्रेट में पेपर लेस होगा कामकाज

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लाठी-डंडे जब्त किए गए हैं। इसके अलावा कई फरसे भी पुलिस ने कब्जे में लिए। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकना और यातायात तथा सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना बताया गया है। लाठी-डंडे और फरसे जब्त करने की कार्रवाई शहर कोतवाल बृजेश शर्मा और थाना कांवड़ प्रभारी महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में की गई। शिव चौक पर भारी भीड़ के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार कांवड़ मार्ग की निगरानी करते रहे। पुलिस द्वारा बड़ी संख्या में लाठी-डंडे और फरसे कब्जे में लिए जाने के बाद अब यह सवाल भी उठ रहा है कि इन सामान को लेकर चलने वाले कांवड़ियों के खिलाफ आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में गैस संकट: 12 साल बाद सिलेंडर पाने को मुसीबत की लाइन
Share This Article