स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित समारोह में उपस्थित एनसीसी कैडेट्स।

26 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी ने मनाया स्वतंत्रता दिवस, 215 कैडेट्स ने लिया हिस्सा

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने किया ध्वजारोहण, सफल कैडेट्स को वितरित किए ‘सी’ प्रमाण पत्र

सहारनपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 26 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की ओर से स्टार पेपर मिल सरस्वती विद्या मंदिर में भव्य एवं गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बटालियन के 215 एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

समारोह का आयोजन 26 यूपी गर्ल्स बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल आरके माही, सेना मेडल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें:  ठंड से बचने के लिए कमरे में जलाई अंगीठी दम घुटने से बेटा-बेटी की माैत, मां.बाप अस्पताल में भर्ती

ध्वजारोहण और राष्ट्रगान से हुआ समारोह का शुभारंभ

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत दिखाई दिया।

एनसीसी कैडेट्स ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके साथ ही देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।

नुक्कड़ नाटक से दिया टीबी मुक्त भारत का संदेश

समारोह में देशभक्ति के साथ सामाजिक जागरूकता को भी प्रमुखता दी गई। कैडेट्स ने ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।

इसे भी पढ़ें:  देवबंद में पुलिस की सख्ती, सात मनचले पकड़े गए

नाटक के माध्यम से टीबी के लक्षणों, समय पर जांच, नियमित उपचार और बीमारी के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया गया। अतिथियों और प्रतिभागियों ने कैडेट्स की इस प्रस्तुति की सराहना की।

सफल कैडेट्स को मिले ‘सी’ प्रमाण पत्र

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एनसीसी ‘सी’ प्रमाण पत्र परीक्षा में सफल कैडेट्स का सम्मान रहा। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने सफल कैडेट्स को प्रमाण पत्र प्रदान किए। प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद कैडेट्स के चेहरे खुशी और आत्मविश्वास से खिल उठे।

जिलाधिकारी ने सफल कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके अनुशासन, समर्पण और सामाजिक कार्यों में योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व, राष्ट्रसेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है।

इसे भी पढ़ें:  असली गिरगिट तो मुख्यमंत्री खुद हैं, जो 'नारी वंदन' को 'नारा' बनाना चाह रहे: अखिलेश

एनसीसी को हरसंभव सहयोग देगा प्रशासन

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि सहारनपुर प्रशासन द्वारा एनसीसी कैडेट्स के प्रशिक्षण और विकास के लिए अधिकतम संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। यूनिट को प्रशिक्षण अथवा अन्य आवश्यकताओं के लिए प्रशासनिक सहयोग की जरूरत होगी तो हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में 26 यूपी गर्ल्स बटालियन के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने कैडेट्स की प्रस्तुतियों और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की सराहना की।

Share This Article