रेनबो विहार में आलोक डागा के घर अलसुबह पहुंची टीम, आवास को खंगालने में जुटे रहे अधिकारी, कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस फोर्स भी रही तैनात, घर में आवागमन किया गया बंद, चर्चा तेज
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के रेनबो विहार में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम ने उद्योगपति आलोक डागा के आवास पर छापेमारी की कार्रवाई शुरू की। अचानक पहुंची विभागीय टीम ने आवास को अपने घेरे में लेते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में भी हलचल बढ़ गई। आलोक डागा पुराने कांग्रेस नेता महेन्द्र प्रकाश डागा के पुत्र हैं और वो रेनबो स्टील में पार्टनर बताये गये हैं, इसके अलावा भी उनका कई उद्योगों में नाम शामिल हैं।
बताया गया कि केंद्रीय जीएसटी विभाग की टीम शुक्रवार को रेनबो विहार स्थित आलोक डागा के आवास पर पहुंची। टीम के अधिकारियों ने आवास के अंदर प्रवेश करने के बाद विभिन्न दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच शुरू की। टीम की कार्रवाई के दौरान आवास के बाहर लोगों की आवाजाही भी नियंत्रित रही। केंद्रीय जीएसटी की कार्रवाई किस मामले को लेकर की गई है, इसे लेकर फिलहाल विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई के कारण और जांच में सामने आए तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

छापेमारी के दौरान विभागीय अधिकारियों ने आवास में मौजूद दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड को खंगाला। कार्रवाई कितने समय तक चलेगी और जांच के दौरान क्या-क्या तथ्य सामने आए हैं, इस पर अभी अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। केंद्रीय जीएसटी टीम की कार्रवाई की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई। इसके बाद रेनबो विहार में लोगों की निगाहें कार्रवाई पर टिकी रहीं। विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी में क्या महत्वपूर्ण जानकारी या दस्तावेज सामने आए हैं। कांग्रेस नेता महेन्द्र प्रकाश डागा विद्या भूषण के साथ के नेताओं में शामिल रहे हैं और उन्होंने मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। कांग्रेसी नेता के पुत्र के आवास पर केंद्रीय जीएसटी टीम की छापेमारी को लेकर राजनीतिक हल्कों के साथ ही आम जनता के बीच भी चर्चाओं का बाजार गरम रहा।
