प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला, तीन दिन पहले थाने तक पहुंचा था विवाद
मुजफ्फरनगर। कवाल ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जानसठ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है।
बताया गया कि लड़की के प्रेम प्रसंग का मामला करीब तीन दिन पहले जानसठ थाने तक पहुंचा था। उस समय लड़की के मामा बिना कोई भी कार्रवाई कराये ही, बदनामी के डर से चुपचाप उसे अपनी जिम्मेदारी पर अपने साथ घर ले गए थे। इसके बाद शनिवार को लड़की ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर जानसठ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिग द्वारा यह कदम उठाने के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े पूरे घटनाक्रम और तीन दिन पहले थाने में सामने आए मामले की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
