अंकित बालियान हत्याकांडः सीएम योगी खुद कर रहे निगरानी

बंतीखेड़ा पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मिले पूर्व विधायक संगीत सोम, कहा-जल्द न्याय होगा

शामली। जनपद शामली के बंतीखेड़ा के मूल निवासी हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त को सरेआम चार बाइक सवार हमलावर युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। अंकित के जिस्म में नौ गोलियां लगी मिलीं। पुलिस इस हत्या के पीछे रंजिश को वजह मानकर चल रही है। वहीं गांव में राजनीतिक लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। इसी कड़ी में रविवार को सुबह भाजपा नेता पूर्व विधायक संगीत सोम भी बंतीखेड़ा पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।

इसे भी पढ़ें:  अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने को तैयार मातृशक्तिः मीनाक्षी स्वरूप

मेरठ के सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम रविवार को शामली के गांव बंतीखेड़ा पहुंचे। अंकित बालियान के घर पहुंचकर उनके पिता सतबीर फौजी और अन्य परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अंकित की हत्या पर शोक जताते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। संगीत सोम ने कहा कि अंकित की हत्या की घटना बेहद गंभीर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं मामले की निगरानी कर रहे हैं। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ समेत पुलिस की कई टीमें लगातार जुटी हुई हैं।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-बारिश के दौरान करंट की चपेट में आया आवारा गोवंश, मौत

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अंकित हत्याकांड में शामिल आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी। सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। पूर्व विधायक ने कहा कि इस दुख की घड़ी में समाज भी पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिया कि पुलिस जल्द हत्याकांड का खुलासा करेगी।

मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सरेआम की गई अंकित बालियान की निर्मम हत्या बेहद दुखद और शर्मनाक है। मामले को लेकर उच्च अधिकारियों से बातचीत की गई है। घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। संगीत सोम ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। इसमें कोई भी लापरवाही नहीं होगी। जल्द न्याय होगा।

इसे भी पढ़ें:  LOKSABHA ELECTION-मीरापुर पुलिस ने पकड़ी 1.70 लाख की नगदी
Share This Article