फिरोज के पैर में लगी गोली, उस्मान को जंगल में कॉम्बिंग के दौरान दबोचा; डॉ. सम्राट उर्फ इरशाद अली खान समेत अब तक सात आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के रामलीला टीला स्थित मिमलाना रोड निवासी दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 15-15 हजार रुपये के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा आरोपी पुलिस की घेराबंदी तोड़कर जंगल की ओर भाग निकला, जिसे बाद में चलाए गए कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, गैंगरेप की घटना के संबंध में कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। इससे पहले पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें मुख्य आरोपी नाजिम मुठभेड़ में घायल हुआ था। इसके अलावा डॉ. आदिल, चौकीदार नदीम, कामरान और सेक्सोलॉजिस्ट डॉ. सम्राट उर्फ इरशाद अली को गिरफ्तार किया गया था। इसके साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सीओ राजू कुमार साव ने मीडिया को दी जानकारी में बताया कि मंगलवार सुबह कोतवाली नगर पुलिस अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मिमलाना रोड गैंगरेप की घटना में शामिल दो फरार आरोपी पानीपत-खटीमा मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के रास्ते आने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने रेलवे ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस टीम को आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने बाइक को जंगल की ओर मोड़ दिया और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा करते हुए दोनों को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, घिरने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर घायल होकर गिर गया। मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपी मौके से जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया। काफी तलाश के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से बाइक और अन्य सामान कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी की पहचान फिरोज पुत्र अशफाक तथा गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र तस्लीम के रूप में हुई। दोनों खालापार क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दलित युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मुठभेड़ में घायल फिरोज को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इस मुठभेड़ में शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर बृजेश कुमार शर्मा और रामलीला टिल्ला चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विक्रांत कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।
