सहारनपुर । गुरुवार की सुबह थाना कुतुबशेर पुलिस की ग्राम हौजखेड़ी चौराहे के पास लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों से मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे, दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस, लूटा गया मोबाइल, 4,500 रुपए, आधार कार्ड व अन्य दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस जंगल में कांबिंग कर रही है। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना कुतुबशेर पुलिस गुरुवार की सुबह हौजखेड़ी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भावपुर की ओर से एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया। इसी दौरान बाइक पर सवार एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद बाइक चालक ने तेजी से बाइक मोड़ी और तीनों भावपुर की ओर खेतों और जंगल के रास्ते भागने लगे।
पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया। कुछ दूरी पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिसकर्मियों को नजदीक आता देखकर आरोपियों ने पेड़ और ढलान की आड़ लेकर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान राहुल और अंकित के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा आरोपी जंगल की ओर भाग निकला।गिरफ्तार आरोपी राहुल और अंकित कुतुबशेर थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। राहुल के खिलाफ सहारनपुर के अलग-अलग थानों में लूट, हत्या, डकैती और चोरी जैसे संगीन अपराधों के 15 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अंकित के खिलाफ लूट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित करीब 6 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जंगल में लगातार कांबिंग कर रही है।
