भयंकर सड़क हादसे में नवयुवक की मौत, चार लोग घायल

शामली के ऊन बाईपास पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, हादसे में घायल दो लोगों की हालत गंभीर, कई परिवारों में कोहराम

शामली। जनपद शामली में ऊन बाईपास मार्ग पर रविवार देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 20 वर्षीय युवक वंश चौहान की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

हादसा रविवार रात करीब 12 बजे काशीराम आवास कॉलोनी के पास हुआ। गांव ढिंढाली निवासी वंश चौहान अपने साथी कपिल के साथ बाइक से गांव से ऊन कस्बे की ओर आ रहा था। इसी दौरान ऊन कस्बा निवासी सौरभ अपने साथियों के साथ बाईपास की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक पर सवार पांचों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसे भी पढ़ें:  आगरा में 5 वर्षीय बच्चा दिनदहाड़े किडनैप, 8 घंटे बाद मिला सकुशल — अपहरणकर्ता फरार

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी ऊन पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने वंश चौहान को मृत घोषित कर दिया। घायल सौरभ पुत्र कल्लू (21), निवासी मोहल्ला सुभाष नगर, सूरज पुत्र सुरेश (20), निवासी रविदासपुरी, कपिल पुत्र संजय (19), निवासी मोहल्ला शिवपुरी और कपिल पुत्र राकेश, निवासी गांव ढिंढाली को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इनमें दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  देवबंद में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का भव्य शपथ ग्रहण समारोह, राज्य मंत्री बृजेश सिंह रहे मुख्य अतिथि

पुलिस ने वंश चौहान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक वंश चौहान मूल रूप से गांव किरठल, जिला बागपत का रहने वाला था। वह ऊन में अपने मामा विपिन के यहां रह रहा था। परिजनों के अनुसार उसके पिता राजीव कुमार की करीब एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद वंश अपनी मां और बहन के साथ मामा के घर रहकर गुजर-बसर कर रहा था। हादसे में वंश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इसे भी पढ़ें:  9 अगस्त को भाकियू जिला मुख्यालय पर करेगी तिरंगा ट्रैक्टर मार्च
Share This Article